कब्ज, गैस और एसिडिटी की समस्या को दूर करने में कारगर हैं ये 3 योगासन
खराब डाइजेशन कब्ज गैस और एसिडिटी जैसी कई समस्याओं की जननी है। तो आज हम जानेंगे कुछ ऐसे योगासनों के बारे में जो डाइजेशन सुधारने के साथ रखेंगे इन समस्याओं को दूर।
कहते हैं खराब डाइजेशन कई सारे रोगों की वजह बन सकता है। कब्ज, गैस, एसिडिटी जैसी समस्याएं खराब पाचन की ही देन हैं। बिजी और बिगड़ती लाइफस्टाइल के चलते हम कई बार सही टाइम पर खाना नहीं खाते और कई बार भूख मिटाने के लिए कुछ भी खा लेते हैं। इसके अलावा रात को देर से खाना खाना, जंक फूड की अधिकता, पानी कम पीना जैसी वजहें भी इसमें शामिल हैं। तो कैसे योगासनों द्वारा इन समस्या को दूर कर पाचन क्रिया को दुरुस्त रखा जा सकता है। जानेंगे इसके बारे में...
पाचन क्रिया को सुधारने में कारगर हैं ये आसन
1. अर्ध मत्स्येन्द्रासन (Half Spinal Twist)
पैरों को सामने फैलाकर बैठ जाएं। बाएं पैर को घुटने से मोड़ते हुए दांए तरफ से लाते हुए हिप्स के साथ रखें। उसके बाद दाएं पैर को बाएं घुटने के ऊपर से लाते हुए घुटने के पास रखें। पंजे घुटने से आगे न जाए। इसके बाद बाएं हाथ को कंधों से घुमाते हुए दाएं पैर के ऊपर से इस प्रकार लाएं कि दाएं पैर का अंगूठा पकड़ लें और दाएं हाथ को पीछे से घुमाते हुए नाभि को छूने की कोशिश करें। इसी प्रकार विपरीत दिशा में भी करें।
2. पश्चिमोतानासन (Seated Forward Bend Pose)
सबसे पहले पैरों को सामने लाते हुए बैठ जाएं। दोनों एडी पंजे मिले रहेंगे। उसके बाद सांस छोड़ते हुए आगे झुकते हुए दोनों हाथों से दोनों पैरों के अंगूठे पकड़ लें। माथे को घुटनों से लगाएं व दोनों कोहनियां जमीन पर लगी रहेंगी।
3. नौकासन (Boat Pose)
पीठ के बल आराम से लेट जाएं। इसके बाद सांस लेते हुए पैरों को जमीन से थोड़ा ऊपर उठाएं। साथ ही सिर और कंधों को भी। हाथों को पैरों की सीध में रखेंगे और ध्यान पैर की उंगलियों पर। सांस रोक कर रखें जितनी देर रोक सकते हैं। अब धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए वापस लेट जाएं। 3-5 बार इस आसन को दोहराएं।
इन बातों का भी रखें ध्यान
1. फाइबर से भरपूर फल और सब्जियां खाएं।
2. डाइट में दाल की ज्यादा से ज्यादा मात्रा शामिल करें।
3. ताजा पका भोजन खाएं। बचा हुआ खाना अवॉयड करें।
4. प्रोबॉयोटिक्स प्रोडक्ट्स जैसे दही और छाछ जरूप पिएं।
5. रोजाना 6-8 गिलास पानी पिएं जिससे शरीर में मौजूद गदंगी बाहर निकलती रहे।
6. जंक और ऑयली फूड से परहेज करें।