Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

International Day of the Deaf 2023: हर साल इस मकसद से मनाया जाता है वर्ल्ड डेफ डे, जानें इसका इतिहास और महत्व

International Day of the Deaf 2023 हर साल सितंबर के आखिरी रविवार को विश्व बधिर दिवस यानी वर्ल्ड डेफ डे मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर बधिर समुदाय के लोगों से जुड़े कई सारे मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के मकसद से मनाया जाता है। इस साल यह दिन 24 सितंबर को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं क्या है इस दिन का इतिहास और इसका महत्व-

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Sat, 23 Sep 2023 05:40 PM (IST)
Hero Image
जानें क्यों मनाया जाता है वर्ल्ड डेफ डे

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। International Day of the Deaf 2023: हर साल दुनियाभर में विश्व बधिर दिवस यानी वर्ल्ड डेफ डे मनाया जाता है। यह दिन बधिर (सुनने में असमर्थ) और कम सुनने वाले लोगों के सामने आने वाले मुद्दों और चुनौतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के मकसद से हर साल मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर बधिर लोगों की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाने, संचार के महत्वपूर्ण साधन के रूप में सांकेतिक भाषा को बढ़ावा देने और समाज में समान अवसर दिलाने के लिए समर्पित है। आइए जानते हैं इस खास दिन की तारीख से लेकर इतिहास तक के बारे में सबकुछ-

क्यों मनाया जाता है विश्व बधिर दिवस?

साल 1958 में पहली बार द वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ द डेफ (डब्ल्यूएफडी) ने विश्व बधिर दिवस मनाया। यह एक ग्लोबल एनजीओ है, जिसका मकसद बधिर समुदाय के अधिकारों को आगे बढ़ाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। कई सोर्सेस में ऐसा दावा किया गया है कि विश्व बधिर दिवस ग्रानविले रिचर्ड सेमुर रेडमंड के सम्मान में मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से जुड़ी ये अनसुनी बातें

उनका जन्म साल 1871 में फिलाडेल्फिया में हुआ था। ग्रानविले छोटी उम्र में ही सुनने की अपनी क्षमता खो चुके थे। हालांकि, बधिर होने के बाद भी उन्होंने प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया स्कूल ऑफ डिजाइन में पेंटिंग, मूकाभिनय (pantomime) और चित्रकारी का अध्ययन किया। इसके बाद साल 1905 तक वह एक लैंडस्केप पेंटर और रंगकर्मी के रूप में काफी प्रसिद्ध हो गए थे। साल 2023 में विश्व बधिर दिवस की 72वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, जो अपने आप में बेहद खास है।

विश्व बधिर दिवस 2023 कब है ?

हर साल विश्व बधिर दिवस सितंबर के आखिरी रविवार को मनाया जाता है। ऐसे में बात करें इस साल इस दिन को मनाने की तारीख की, तो साल 2023 में यह दिन 24 सितंबर को मनाया जाएगा।

विश्व बधिर दिवस का महत्व क्या है?

इन दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य बधिर समुदाय के आम जीवन में आने वाली समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करना है। सुनने में असमर्थ लोगों को अक्सर समाज में स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और रोजगार के अवसरों तक अपनी पहुंच बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह दिन संचार के साधन के रूप में सांकेतिक भाषा के महत्व को उजागर करने पर जोर देता है। विश्व बधिर दिवस मनाने का एक और कारण है। यह दिन बधिर लोगों को पूर्ण और स्वतंत्र जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें- क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस, जानें इस दिन का इतिहास और महत्व

Picture Courtesy: Freepik