Harivansh Rai Bachchan Birth Anniversary: हरिवंश राय बच्चन से जुड़ी 10 महत्वपूर्ण बातें, 'क्या भूलूं क्या याद करूं'
Harivansh Rai Bachchan Birth Anniversary हिन्दी साहित्य के प्रसिद्ध लेखक और कवि हरिवंश राय बच्चन की आज जयंती है। उनका जन्म 27 नवंबर 1907 को बाबूपट्टी गांव में हुआ था।
Harivansh Rai Bachchan Birth Anniversary: हिन्दी साहित्य के प्रसिद्ध लेखक और कवि हरिवंश राय बच्चन की आज जयंती है। उनका जन्म 27 नवंबर, 1907 को यूपी के प्रतापगढ़ जिले के बाबूपट्टी गांव में हुआ था। उनकी सर्वश्रेष्ठ रचनाओं में शुमार 'मधुशाला' ने हरिवंश राय बच्चन को हिन्दी साहित्य में अमर कर दिया। जब भी उनका नाम लिया जाता है, तो सबसे पहले जेहन में उनकी रचना मधुशाला ही आती है। उन्होंने 'मधुशाला', 'मधुबाला', 'मधुकलश', 'दो चट्टानें', अपनी आत्मकथाएं- 'क्या भूलूं , क्या याद करूं', 'नीड़ का निर्माण फिर', 'बसेरे से दूर', 'दशद्वार से सोपान' जैसी 50 से अधिक रचनाएं की। हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर आज हम उनके जीवन से जुड़ी कुछ प्रमुख बातों के बारे बता रहे हैं।
1. हरिवंश राय बच्चन जी का जन्म अवधी हिन्दू परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रताप नारायण श्रीवास्तव तथा माता का नाम सरस्वती देवी था।
2. हरिवंश राय बच्चन कायस्थ समुदाय से थे। बचपन में लोग उनको बच्चन कहते थे, जिसे बाद में वे अपने नाम के बाद में श्रीवास्तव की जगह लिखने लगे।
3. वह हिन्दी में बच्चन नाम से ही रचनाएं लिखते थे। बच्चन का अर्थ होता है बच्चा या संतान।
4. उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में एम.ए. किया था। बाद में उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से अंग्रेजी के कवि डब्लयू बी यीट्स की कविताओं पर शोध किया और अपनी पीएचडी पूरी की।
5. हरिवंश राय बच्चन भाषा के धनी व्यक्ति थे। अंग्रेजी के प्राध्यापक होने के साथ ही हिन्दी, उर्दू, अरबी और अवधी पर भी उनकी समान पकड़ थी।
6. उन्होंने कई वर्षों तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी का अध्यापन किया। साथ ही वे इलाहाबाद आकाशवाणी में भी काम करते रहे।
7. वे भारत सरकार में हिन्दी विशेषज्ञ के तौर पर भी काम किए।
8. बच्चन जी की रचनाओं का उपयोग हिन्दी सिनेमा में भी किया गया। उनकी रचना अग्निपथ का उपयोग 1990 में आई फिल्म अग्निपथ में किया गया, जिसमें उनके बड़े बेटे अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे। जब 2012 में यह फिल्म दोबारा बनाई गई, तब भी उसमें अग्निपथ के कुछ अंश का उपयोग किया गया।
9. बच्चन जी की कविता संग्रह दो चट्टानें 1965 में प्रकाशित हुई, जिसके लिए 1968 में हिन्दी कविता के साहित्य अकादमी पुरस्कार से उनको नवाजा गया।
10. हिन्दी साहित्य में अविस्मरणीय योगदान के लिए हरिवंश राय बच्चन को 1976 में पद्म भूषण से अलंकृत किया गया।
11. हरिवंश राय बच्चन का विवाह 1926 में श्यामा बच्चन से हुआ था, लेकिन उनका निधन 1936 में हो गया। फिर हरिवंश जी ने 1941 में तेजी बच्चन से विवाह किया।
12. हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के दो बेटे हैं। हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन और अजिताभ बच्चन।