Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Valentine’s Special: ऐतिहासिक प्रेम कहानियों में शामिल है यह रॉयल लव स्टोरी, पढ़ें एक राजा और रानी की खास कहानी

प्रेम कहानियों का जिक्र हो तो उसमें महारानी गायत्री देवी और राजा मान सिंह II का नाम शामिल न हो ऐसा हो ही नहीं सकता। इनकी कहानी इतनी खास है कि इन्हें 20वीं शताब्दी का गोल्डन कपल भी कहा जाता है। वैलेंटाइन स्पेशल में आज हम आपको इन्हीं की रोमांचक कहानी के बारे में बताएंगे। जानें महारानी गायत्री देवी और सवाई मान सिंह II की प्रेम कहानी।

By Swati SharmaEdited By: Swati SharmaUpdated: Tue, 13 Feb 2024 08:00 AM (IST)
Hero Image
कुछ ऐसी थी महारानी गायत्री और राजा मान सिंह II की प्रेम कहानी

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Valentine's Special: बचपन में आप सब ने राजा-रानी की कहानियां तो खूब सुनी होंगी, हो सकता है फिल्मों में भी देखी भी हों। आज हम भी, वैलेंटाइन स्पेशल में आपको एक राजा और रानी की दिलचस्प प्रेम कहानी सुना रहे हैं। यह कहानी है जयपुर के राजा सवाई मान सिंह II और रानी गायत्री देवी की, जिन्हें 20वीं शताब्दी का गोल्डन कपल भी कहा जाता था। राजा और रानी की यह कहानी जितनी खूबसूरत है, उतनी ही मुश्किलों से भरी भी थी, लेकिन फिर भी सभी चुनौतियों को पार करते हुए, इन दोनों के प्यार ने इतिहास के पन्नों में अपनी जगह बना ही ली।

ऐसे मिले थे राजा मान सिंह और राजकुमारी गायत्री देवी…

राजकुमारी गायत्री का जन्म लंदन में, कूच बिहार के राजकुमार जितेंद्र नारायण और बड़ौदा की राजकुमारी इंद्रिरा राजे के घर, 1919 में हुआ था। राजा जितेंद्र अपने भाई के निधन के बाद कूच बिहार के राजा बने थे। राजकुमारी गायत्री देवी, जो अपने करीबियों में आयशा नाम से भी जानी जाती थीं, महज 12 वर्ष की थीं, जब वे जयपुर के राजा मान सिंह II पर अपना दिल हार बैठीं। राजा मान सिंह को पोलो खेलने का शौक था और वह इसी सिलसिले में एक मैच के लिए कलकत्ता पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें: समाज के बंधनों को तोड़ बन गए प्यार की मिसाल, ऐसी थी अमृता और इमरोज की प्रेम कहानी

जब गायत्री देवी ने पहली बार राजा मान सिंह को देखा था, तब वे 21 साल के थे और शादीशुदा भी थे। मान सिंह की तब दो पत्नियां थीं, महारानी मुराधर कंवर और महारानी किशोर कंवर। महारानी किशोर कंवर, राजा मान सिंह की पहली पत्नी की भतीजी भी थीं।

राजा मान सिंह की तरह राजकुमारी गायत्री देवी को भी पोलो खेलने और घुड़सवारी का बेहद शौक था और इसी वजह से इन दोनों के मिलने-जुलने की शुरुआत भी हुई। गायत्री देवी, राजा मान सिंह को प्यार से जय बुलाती थीं। इन्हीं मुलाकातों के बहाने दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा, लेकिन अब मुश्किलों ने भी इन्हें घेरना शुरू कर दिया।

शादी के लिए हो गई थी मनाही…

जब राजा मान सिंह ने राजकुमारी गायत्री की मां रानी इंद्रीरा देवी से शादी का हाथ मांगा, तो उन्होंने साफ शब्दों में इंकार कर दिया। कारण साफ था, राजा मान सिंह की पहले से दो पत्नियां थीं और उनके यहां महिलाओं को पर्दा प्रथा को मानना पड़ता था। न सिर्फ राजकुमारी गायत्री की मां ने बल्कि, उनके भाई, जो राजा मान सिंह के दोस्त भी थे, उन्होंने भी उनकी शादी का विरोध किया था। मान सिंह से शादी करने की जिद्द को तोड़ने के लिए उन्होंने गायत्री देवी से यह तक कहा था कि इनसे शादी करना तुम्हारे लिए ठीक नहीं है, वे हमेशा महिलाओं से घिरे रहते हैं। लेकिन इसके बाद भी गायत्री देवी ने किसी की एक न सुनी।

ऐसे बनीं जयपुर की महारानी…

दोनों एक दूसरे के प्यार में ऐसे खोए थे कि घरवालों की परवाह न करते हुए, साल 1940 में, एक-दूसरे से शादी के बंधन में बंध गए। और इसी तरह राजकुमारी गायत्री बनीं जयपुर की महारानी गायत्री देवी। गायत्री देवी के परिवार के विरोध के बावजूद इनकी शादी उस जमाने की सबसे महंगी शादियों में से थी। शादी तो हो गई, लेकिन अब यहां महारानी गायत्री को पर्दा प्रथा का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन हमेशा से सशक्त और खुले विचारों वाली महिलाओं के साथ रहने वाली गायत्री देवी भी अपनी मां की तरह ही, काफी दमदार थीं। उन्होंने ठान लिया था कि वे इस प्रथा को नहीं स्वीकारेंगी। ऐसे में भला कैसे उनसे कोई पर्दा करवा सकता था, लेकिन राजघराने को यह बात खटक रही थी। अंत में सबको मानना ही पड़ा और इस तरह धीरे-धीरे गायत्री देवी ने समाज सुधार के लिए कई काम किए।

राजा मान सिंह II की मृत्यु की बाद भी वह समाज सुधार के लिए काम करती रहीं। उन्होंने जयपुर में लड़कियों के लिए स्कूल भी खुलवाया। महारानी गायत्री देवी ने साल 2009 में 90 वर्ष की उम्र में जयपुर में अंतिम सांस ली। महारानी गायत्री देवी और राजा मान सिंह II की प्रेम कहानी कई उतार-चढ़ावों से भरी रही, लेकिन साथ ही बेहद खूबसूरत भी है, जिसके जिक्र आज भी लोग करते हैं।

यह भी पढ़ें: वो राजा जिसने अपने प्यार के लिए कर दिया था सिंहासन को कुर्बान...

Picture Courtesy: Instagram