Move to Jagran APP

Indian Mango Destinations: भारत के इन 8 शहरों में मिलता है दुनिया का बेहतरीन आम

Indian Mango Destinations भारत में शायद ही कोई हो जिसे आम न पसंद हों। यहां गर्मी के मौसम में आम का सेवन कई तरह से किया जाता है। आम का पन्ना से लेकर कच्चे आम की चटनी मैंगो शेक और न जाने क्या-क्या आपको यहां खाने को मिल सकता है।

By Ruhee ParvezEdited By: Ruhee ParvezUpdated: Thu, 23 Mar 2023 10:37 AM (IST)
Hero Image
Indian Mango Destinations: भारत के इन शहरों में मिलती हैं आम की बेहतरीन किस्में
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Indian Mango Destinations: गर्मियों का मौसम लंबा और बदहाल कर देने वाला होता है। आपको प्यास खूब लगती है, लेकिन तेज गर्मी आपकी भूख मिटा देती है। हालांकि, गर्मी के बारे में एक जो चीज अच्छी है, वह है मीठे और मजेदार स्वाद वाले आम! भारत में गर्मी का मौसम का मतलब ही रोज भर पेट आम खाना है। वैसे तो आपको आपके शहर में आम की कई किस्में मिल जाएंगी, लेकिन कुछ ऐसे शहर हैं जो अपने खास आम के लिए जाने जाते हैं। तो आइए जानते हैं कि भारत में कहां बेहतरीन आम मिलते हैं।

1. महाराष्ट्र : अल्फांसो

अल्फांसो या हापुस आम काफी मशहूर है, जो महाराष्ट्र के रत्नागिरी, रायगढ़ और कोंकण इलाके से आता है। यह आम अपने मीठे स्वाद के लिए जाना जाता है और भारत में आम की सबसे ज्यादा बिकने वाली किस्म भी है।

2. आंध्रप्रदेश: बंगनपल्ली

बंगनपल्ली आम गूदे से भरा और बिना रेशे का होता है। इसका नाम आंध्र के बंगनपल्ले शहर पर रखा गया है, जहां इसे सबसे ज्यादा उगाया जाता है। यह दक्षिण भारत का सबसे मशहूर आम है।

3. उत्तर प्रदेश: दशहरी

इसे मलीहाबादी आम के नाम से भी जाना जाता है। दशहरी आम भारत के उत्तरी क्षेत्र सबसे मशहूर आम की किस्मों में से एक है। उत्तर प्रदेश का मलीहाबाद इस प्रकार के आमों का सबसे बड़ा उत्पादक है।

4. गुजरात: केसर

गुजरात का केसर आम अमरस बनाने के लिए बहुत जाना जाता है। यह अपने मीठे स्वाद, रस भरे गूदे और केसरी सुगंध के लिए पसंद किया जाता है। अमरस गर्मी के मौसम में खाया जाने वाला एक पॉपुलर मील है।

5. कर्नाटक: तोतापरी

तोतापरी एक ऐसा आम है जिसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है, लेकिन फिर भी इसे दक्षिण भारत में खूब पसंद किया जाता है। इसका अचार डलता है और यहां तक कि इसे सलाद में भी इस्तेमाल किया जाता है। यह आम हरे रंग का होता है, लेकिन ऊपर से यह तोते की चोंच जैसा दिखता है, इसलिए इसे तोतापरी कहा जाता है। यह मुख्य रूप से दक्षिण भारत में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में उत्पादित होता है।

6. बिहार: लंगड़ा

लगड़ा आम उत्तर भारत की एक बेहद पॉपुलर किस्म है। लंगड़ा का शाब्दिक अर्थ विकलांग ही है, क्योंकि यह पहली बार बनारस (अब वाराणसी) में एक लंगड़े आदमी के बाग में उगाया गया था। इसे उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा मध्यप्रदेश, ओडिशा और यहां तक कि पंजाब के कई हिस्सों में भी उगाया जाता है।

7. पश्चिम बंगाल: हिमसागर और किशन भोग

किशन भोग आम का आकार गोल होता है और स्वाद में मीठा होता है। पश्चिम बंगाल में किशन भोग आम खूब बिकता है। यह सबसे ज्यादा पश्चिन बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में मशहूर है। हिसागर वहीं, मिठाइयों और ड्रिंक्स में खूब इस्तेमाल होता है।

8. हिमाचल प्रदेश: चौंसा

उत्तर भारत में सबसे ज्यादा मीठा आम अगर कोई है, तो वह चौंसा है। चौंसा अपने मीठे गूदे और चमकदार पीले रंग के लिए जाना जाता है। यह मुख्य रूप से पाकिस्तान में उगाया जाता है लेकिन हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और कुछ अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में भी उत्पादित होता है।

Image Courtesy: Instagram