Move to Jagran APP

Tourist Places Near Bhopal: भोपाल के आसपास मौजूद हैं ये खूबसूरत पर्यटन स्थल, इस बार जरूर बनाएं घूमने का प्लान

Tourist Places Near Bhopal मध्य प्रदेश का पर्यटन देश-दुनिया में काफी मशहूर है। अगर इस वेकेशन आप भी मध्य प्रदेश जाने का प्लान बना रहे हैं तो राज्य की राजधानी भोपाल के आसपास मौजूद इन खूबसूरत जगहों का दीदार जरूर करें।

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Mon, 27 Mar 2023 04:31 PM (IST)
Hero Image
भोपाल के आसपास मौजूद घूमने वाली जगहें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Tourist Places Near Bhopal: हिन्दुस्तान का दिल मध्य प्रदेश अपनी विस्तृत संस्कृति और परंपराओं के लिए देश-दुनिया में काफी मशहूर हैं। यहां आपको धार्मिक स्थलों के साथ-साथ कई खूबसूरत और एतिहासिक जगह भी मौजूद हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल यहां का एक बेहद खूबसूरत शहर है। यहां आपको खूब सारी हरियाली के साथ ही सुकून के पल बिताने का भी मौका मिलेगा। अपने अंदर खूबसूरती को समेटे इस शहर के आसपास ऐसी कई सारी जगह मौजूद हैं, जहां आप प्रकृति का स्पर्श महसूस कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में-

अमरगढ़ वॉटरफॉल्स

भोपाल के आसपास कई ऐसी जगह हैं, जहां आप प्रकृति के अद्भुत नजारे देख सकते हैं। इन्हीं जगहों में से एक अमरगढ़ वाटरफॉल शहर से 65 किलोमीटर दूर स्थित है। इस वॉटरफॉल के चारों तरफ आपको सिर्फ हरियाली ही हरियाली देखने को मिलेगी। मानसून के सीजन में इसकी खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। यह 50 फीट ऊंचाई से झरना गिरता है, जिसे देख लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।

सांची स्तूप

प्राकृतिक नजारों के अलावा अगर आप कुछ ऐतिहासिक और धार्मिक जगह देखना चाहते हैं, तो सांची स्तूप एक बढ़िया विकल्प साबित होगा। इसे तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में महान सम्राट अशोक के शासनकाल में बनाया गया था। यह देश में मौजूद प्रमुख बौद्ध स्मारकों में से एक है। इस स्तूप के विशाल गुंबद में मौजूद तिजोरी में भगवान बुद्ध के अवशेष रखे गए हैं।

भोजपुर मंदिर

मध्य प्रदेश में आपको कई सारे धार्मिक स्थलों के दर्शन करने को मिल जाएंगे। इन्हीं स्थलों में से एक भोजपुर मंदिर पूरे देश में काफी मशहूर है। भोपाल से 32 किमी दूर स्थित यह शिव मंदिर 11वीं शताब्दी में यहां के राजा भोजपुर द्वारा बनाया गया था। ऐसा कहा जाता है कि इस मंदिर का निर्माण केवल एक रात में ही करना था। ऐसे में सूर्योदय तक मंदिर पूरा नहीं हो पाया और इस वजह से आज तक यह मंदिर अधूरा ही है। इसे लेकर यह भी मान्यता है कि मंदिर में मौजूद शिवलिंग विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग है।

महादेव पानी वॉटरफॉल्स

भोपाल से करीब 25 किमी दूर मौजूद महादेव पानी वॉटरफॉल्स यहां की एक और खूबसूरत जगहों में से एक है। यह झरना 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता है, जिसे देखने का अपना अलग ही मजा है। हर साल बारिश के मौसम में यहां दूर-दूर से लोग घूमने आते हैं।

भीमबेटका की गुफाएं

अगर आप इतिहास में दिलचस्पी रखते हैं, तो भीमबेटका की गुफाएं आपके लिए एक बढ़िया पर्यटन स्थल साबित होगा। भोपाल से 45 किमी मौजूद यह गुफाएं करीब 30,000 साल से भी पुरानी हैं। कहा जाता है कि यह जगह महाभारत के भीम से संबंधित है, इसलिए इसे भीमबेटका के नाम से जाना जाता है। इन गुफाओं को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है।

Picture Courtesy:Instagram