गया में मनचलों की शिकार किशोरी जिंदगी की जंग हारी, 20 घंटे बाद मौत; फोटो के सहारे घरवालों को तलाश रही पुलिस

गया में रविवार को मनचलों ने एक लड़की को जबरन खींच कर ऑटो में बैठा लिया। लड़की शोर मचाने लगी तो बाइक से जा रहे कुछ राहगीर ऑटो का पीछा करने लगे। यह देख बदमाशों ने चलती ऑटो से लड़की को बाहर फेंक दिया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 12 Jun 2023 12:48 PM (IST) Updated:Mon, 12 Jun 2023 12:48 PM (IST)
गया में मनचलों की शिकार किशोरी जिंदगी की जंग हारी, 20 घंटे बाद मौत; फोटो के सहारे घरवालों को तलाश रही पुलिस
गया में मनचलों की शिकार किशोरी की 20 घंटे बाद मौत। प्रतीकात्मक तस्वीर

गया, जागरण संवाददाता। गया में रविवार को मनचलों की शिकार हुई किशोरी 20 घंटे बाद जिंदगी की जंग हार गई। चलती ऑटो से गिरने के कारण किशोरी के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हालांकि, अबतक लड़की की पहचान नहीं की जा सकी है। 

बता दें कि रविवार को भरी दोपहर में गया के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के बरतारा बाजार में कुछ बदमाशों ने एक लड़की को जबरन खींचकर ऑटो में बैठा लिया था। लड़की शोर मचाने लगी तो बाइक से जा रहे कुछ राहगीर ऑटो का पीछा करने लगे।

यह देख बदमाशों ने चलती ऑटो से लड़की को बाहर फेंक दिया। लड़की के सिर में गंभीर चोट लगी थी। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अनुग्रह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसने सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

सभी आरोपितों की हुई पहचान

इधर, रविवार को ही कुछ लोगों ने खदेड़ कर ऑटो चालक को पकड़ लिया था। हालांकि, अन्य बदमाश भाग निकले। टनकुप्पा थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि ऑटो चालक के माध्यम से बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। लड़की की पहचान के लिए सोशल मीडिया पर तस्वीर प्रसारित की जा रही है।

मुख्य आरोपित को तलाश रही पुलिस

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे क्या कारण है, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। गिरफ्तार ऑटो चालक बरतारा का रहने वाला है। वहीं, जिस लड़के ने लड़की को चलती ऑटो से फेंका था, वह उतली गांव का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के लिए उलझा पूरा मामला

पुलिस ने बताया कि आरोपित लड़का किशोरी को बंधुआ की तरफ से ऑटो से जबरन लेकर आ रहा था। बरतारा में ऑटो ड्राइवर को ढिबर चलने के लिए कहा गया था। फिलहाल, पूरा घटनाक्रम उलझा हुआ है। आरोपित की गिरफ्तारी और मृत लड़की की पहचान के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।

chat bot
आपका साथी