रांची-पटना जनशताब्दी एक्स. में 50 लाख की डकैती

By Edited By: Publish:Tue, 01 Jul 2014 11:07 PM (IST) Updated:Tue, 01 Jul 2014 11:07 PM (IST)
रांची-पटना जनशताब्दी एक्स. में 50 लाख की डकैती

संवाददाता : धनबाद-गया ग्रैंडकार्ड रेलखंड पर झारखंड व बिहार की सीमा के पास कोडरमा-बंसकटवा व दिलवा स्टेशन के बीच भीषण ट्रेन डकैती हुई। मंगलवार की शाम 12366 डाउन रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के एसी चेयर कार में हथियारों से लैस रहे करीब दो दर्जन अपराधियों ने यात्रियों से नकद, सोने चांदी के जेवरात, लैपटाप, मोबाइल आदि सहित करीब 50 लाख की संपत्ति लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद डकैत चेन पुलिंग कर गुरपा स्टेशन के एडवांस सिग्नल के पास ट्रेन से उतर कर फरार हो गए। वहीं, घटना के बाद गया पुलिस ने अपने इलाके में फरार ट्रेन डकैतों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू की है। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में टनकुप्पा, फतेहपुर सहित कई थानों की पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके में कांबिंग आपरेशन कर रही है। पीड़ित यात्रियों में बीआईटी, मेसरा के प्रोफेसर एसटी रूश्द, झारखंड के कोडरमा के भाजपा सांसद रविन्द्र पांडेय के पुत्र विक्रम पांडेय, रांची से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के वरिष्ठ अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह भी शामिल हैं।

उक्त ट्रेन के एसी चेयर कार के कोच नंबर-सी-2 में हुई इस भीषण लूटपाट की घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल था। विशेष कर महिला व बच्चे खौफजदा थे। घटना को लेकर यात्री काफी आक्रोशित थे। जब ट्रेन गया जंक्शन पहुंची तो रेल डीएसपी शैलेश कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा पीड़ित यात्रियों से घटना के बारे में जानकारी लेना चाहे तो यात्रियों का विरोध उन्हें झेलना पड़ा।

पीड़ित यात्रियों ने बताया कि ट्रेन कोडरमा स्टेशन पर रुकी थी। यही से अपराधी ट्रेन पर सवार हो गए थे। जब ट्रेन जंगली इलाके से गुजर रही थी तो हथियार से लैस अपराधी बोगी में प्रवेश कर गए। हथियारों के बल पर लूटपाट करना शुरू कर दिया। सोने के जेवरात महिला यात्रियों से जबरन छीन लिया गया। वहीं सभी यात्रियों से लैपटाप, मोबाइल, नकद व अन्य सामान लूट लिया। बच्चों तक को नहीं बख्शा। कई बच्चों व महिलाओं के साथ डकैतों ने मारपीट की। घटना से आक्रोशित पीड़ित यात्रियों के गुस्से से मीडिया कर्मियों को भी रू-ब-रू होना पड़ा। बोगी में अधिकृत 73 यात्री के अलावा भी कई सवार थे। सभी घटना से पीड़ित हुए हैं। प्रथम दृष्टया में करीब 50 लाख रुपये की संपति की लूट की बात सामने आयी है। वहीं रेल डीएसपी शैलेश कुमार सिन्हा का कहना है कि पीड़ित यात्रियों के अधिकृत बयान के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा की कितनी की संपत्ति लूटी गई है। ट्रेन में स्कार्ट पार्टी नहीं थी। वहीं टीटीई भी उक्त कोच में टिकट जांच को नही आए। पीड़ित यात्री नारायण प्रसाद सिंह को मामला दर्ज करने के लिए थाना लाया गया है।

chat bot
आपका साथी