बिहार में गर्मी का रेड अलर्ट जारी: 18 जिलों में एक्सट्रीम हीटवेव का प्रभाव, लोगों से घरों में रहने की अपील

बिहार में प्रचंड गर्मी व भीषण लू से हाहाकर मचा है। आम जनजीवन का हाल बेहाल है। घर से निकलना जानलेवा साबित हो रहा है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से घरों में रहने की अपील की है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 18 Jun 2023 08:19 AM (IST) Updated:Sun, 18 Jun 2023 08:19 AM (IST)
बिहार में गर्मी का रेड अलर्ट जारी: 18 जिलों में एक्सट्रीम हीटवेव का प्रभाव, लोगों से घरों में रहने की अपील
पटना में भीषण गर्मी में छतरी के सहारे धूप से बचाव की कोशिश करती युवतियांl जागरण

HighLights

  • बिहार के 7 जिलों में रेड अलर्ट
  • 24 घंटे में 17 लोगों की गर्मी से मौत
  • पटना-नालंदा में 45 के पार पहुंचा तापमान

पटना, जागरण संवाददाता। बिहार में गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। प्रचंड गर्मी व भीषण लू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। बीचे 24 घंटे में 17 लोगों की गर्मी से मौत हो गई। पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य जिलों का अधिकतम तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, शनिवार को पटना में 45.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। बीते नौ व 15 जून के बाद पटना इस मौसम में तीसरी बार सबसे गर्म रहा।

अगले 24 घंटों के दौरान गया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगबाद, अरवल में भीषण लू (Extreme Heatwave) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना समेत नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद, लखीसराय, खगड़िया, समस्तीपुर, जमुई, बांका, सिवान, सारण, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा व मुंगेर में भीषण लू का प्रभाव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर में हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है।

तीन दिनों तक एक्सट्रीम हीटवेव का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य एवं उत्तर पूर्व भागों को छोड़कर पटना समेत दक्षिणी भागों में अगले तीन दिनों तक अत्यधिक भीषण गर्मी व लू का असर रहेगा। साथ ही साथ इस दौरान सतही हवा की गति 15-20 किमी प्रति घंटा व झोंके के साथ 30 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। इन मौसमी प्रभावों को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए दोपहर के समय लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है।

तापमान के आंकड़ों में अंतर

शनिवार को पटना समेत प्रदेश के 18 जिलों में अत्यधिक भीषण लू व चार जिलों में लू का प्रभाव रहा। वहीं, 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा प्रदेश का सबसे गर्म रहा। शनिवार को तापमान जारी करने वाली सरकार की अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में कुछ अंतर दिखा। बिहार मौसम सेवा केंद्र के आंकड़ों के अनुसार शेखपुरा में तापमान 44.8 डिग्री रहा तो सर्वाधिक अधिकतम तापमान नालंदा में 45.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।

मालदह-फारबिसगंज में ठिठका मानसून 

शनिवार को पटना समेत 22 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बीते पांच दिनों से मानसून मालदह व फारबिसगंज के आसपास स्थित है। मौसम विज्ञानी आशीष कुमार ने बताया कि 19 जून के बाद मानसून को आगे की ओर बढ़ने की संभावना है।

वहीं, इस दौरान उत्तरी भागों के कुछ जिलों में छिटपुट वर्षा व शेष भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मानसून को आगे बढ़ाने में सहायक बंगाल से आने वाली पूर्वी हवा के प्रवाह व आंशिक बिपरजाय तूफान का भी असर पड़ा है। इसके कारण मानसून स्थिर हो गया है। हालांकि, दो दिनों बाद मानसून की गति में बदलाव आने के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

24 घंटे में 17 लोगों की गर्मी से मौत

शनिवार को लू लगने से सैप जवान सहित 17 लोगों की अकाल मृत्यु हो गई। लू के कारण अरवल में तीन तथा पटना, नवादा, रोहतास व औरंगाबाद में दो-दो लोगों की मृत्यु हुई है। भोजपुर, मुंगेर, भागलपुर, बांका, पूर्णिया और समस्तीपुर में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। भोजपुर जिला में गजराजगंज ओपी में कार्यरत सैप जवान उपेंद्र कुमार सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। वे गया जिला में गुरारू के निवासी थे।

रोहतास जिला में सासाराम रेलवे स्टेशन पर दो लोगों की मृत्यु हो गई। पटना में दानापुर थाना क्षेत्र के आदमपुर में मंटू साव की जान गई है। मसौढ़ी थाना क्षेत्र में सतीस्थान के समीप पीपल के पेड़ के नीचे लेटे कृष्णा प्रसाद ने आंखें ही नहीं खोलीं। औरंगाबाद जिला में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी रमेश सिंह ने भी दम तोड़ दिया। कुटुंबा थाना क्षेत्र के तिलवा परसावां गांव में प्रदीप यादव की मृत्यु हुई।

नवादा सदर अस्पताल में भर्ती गोविंदपुर की सदिमा और देदौर की महतबिया देवी की मृत्यु हो गई। अरवल जिला में तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मुंगेर सदर अस्पताल में एक की मृत्यु हो गई। भागलपुर में एक व्यक्ति ने दम तोड़ा। बांका के पंजवारा निवासी प्रशांत कुमार सिंह लू की चपेट में आ गए। पूर्णिया में विकास मित्र मेघनाथ ऋषि की जान चली गई। समस्तीपुर में मंगल पासवान ने दम तोड़ दिया।

chat bot
आपका साथी