JDU में 'बरबीघा' पर मचा घमासान, विधायक और मंत्री आमने-सामने; सतह पर आई अंदरूनी कलह

जदयू में अब बरबीघा विधानसभा क्षेत्र को लेकर खींचतान मचती दिख रही है। नीतीश के मंत्री और विधायक आमने-सामने हैं। शनिवार को स्थानीय विधायक सुदर्शन कुमार ने भवन निर्माण मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। बता दें कि मंत्री अशोक चौधरी को ललन सिंह ने बरबीघा जाने से मना किया था। परंतु वह शुक्रवार को यहां आए और कई कार्यक्रमों का हिस्सा बने।

By Yogesh SahuEdited By: Publish:Sat, 30 Sep 2023 05:36 PM (IST) Updated:Sat, 30 Sep 2023 06:21 PM (IST)
JDU में 'बरबीघा' पर मचा घमासान, विधायक और मंत्री आमने-सामने; सतह पर आई अंदरूनी कलह
JDU में 'बरबीघा' पर मचा घमासान, विधायक और मंत्री आमने-सामने; सतह पर आई अंदरूनी कलह

HighLights

  • जदयू में अंदरूनी कलह उभरकर आ रही सामने
  • मंत्री अशोक चौधरी और बरबीघा विधायक सुदर्शन कुमार आमने-सामने

जागरण डिजिटल डेस्क, शेखपुरा/पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी की अंदरूनी कलह उभरकर सतह पर आती दिख रही है। जदयू में अब बरबीघा विधानसभा सीट को लेकर घमासान मचा हुआ है। बरबीघा से जदयू के विधायक सुदर्शन कुमार और पार्टी के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी आमने-सामने आ गए हैं।

बता दें कि मंत्री अशोक चौधरी पहले तो जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से उलझे फिर उन्हें बड़ा भाई बताकर उनके कहे अनुसार चलने की बात कही। इसी बीच अब बरबीघा से जदयू के विधायक सुदर्शन कुमार ने भी मंत्री चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बता दें कि मंत्री अशोक चौधरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है। बीते दिनों मुख्यमंत्री गर्दन पकड़कर अशोक चौधरी का एक शख्स से माथा भिड़ाते हुए नजर आए थे, इस घटना को लेकर सीएम पर माथे से तिलक मिटाने के आरोप भी लगाए गए थे।

हालांकि, बाद में मीडिया के सामने अशोक चौधरी को गले लगाते हुए मुख्यमंत्री की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिससे इस मामले का पटाक्षेप हो गया था।

जदयू में अंदरूनी खटास कैसे

दरअसल, कुछ दिन पहले ललन सिंह और अशोक चौधरी उलझ गए थे। इसके बाद ललन ने चौधरी को बरबीघा की स्थानीय राजनीति में दखल नहीं देने और वहां नहीं जाने के लिए कहा था। परंतु, अशोक चौधरी ने बीते शुक्रवार को ही ललन सिंह की बात को ना मानते हुए शेखपुरा का दौरा किया था।

यहां फोटो खिंचाई और वीडियो भी शेयर किए। इसके साथ ही उन्होंने बरबीघा को अपनी कर्मभूमि बताते हुए क्षेत्रवासियों की सेवा करने का संकल्प जताया। उन्होंने जय बरबीघा और जय बिहार भी लिखा। इस घटनाक्रम ने ही सारा बवाल खड़ा किया है।

स्थानीय विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

इधर, बरबीघा से जदयू के विधायक सुदर्शन कुमार ने शनिवार को अपनी ही पार्टी के मंत्री अशोक चौधरी पर हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

सुदर्शन कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि मंत्री अशोक चौधरी ने मेरे दादा राजो बाबू को बांसघाट (श्मशान) पहुंचवाया, मेरे पिता को बांसघाट पहुंचवाया और अब मुझे वहीं पहुंचाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि चौधरी मेरे खिलाफ सार्वजनिक मंच से बोल रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से इसकी शिकायत की थी।

सुदर्शन ने यह भी कहा कि अशोक चौधरी मेरी हत्या करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे दादा स्व. राजो सिंह की हत्या की साजिश में भी अशोक चौधरी शामिल थे।

सुदर्शन कुमार ने कहा कि चौधरी ने उस मर्डर केस से नाम हटवाने के लिए मुझसे अच्छे संबंध बनाए, फिर बरगलाकर केस से नाम हटवा लिया। अब वह ओछी राजनीति करने पर उतारू हैं।

जदयू विधायक सुदर्शन ने कहा कि चौधरी कह रहे हैं कि जब तब वे बांसघाट नहीं पहुंच जाएंगे तब तक बरबीघा आते रहेंगे।

यह भी पढ़ें : BJP MLA की लिपस्टिक-बॉब कट विवाद पर लालू के करीबी नेता को खरी-खरी, RJD सुप्रीमो की बेटी की कर चुकी हैं तारीफ

उन्होंने कहा कि मंत्री ने मेरे दादा को बांसघाट पहुंचवा दिया, मेरे पिता को बांसघाट पहुंचवाया और अब मुझे वहीं पहुंचाना चाहते हैं। यह उनके लिए आम बात है।

भाजपा के संपर्क में हैं अशोक चौधरी

सुदर्शन ने अशोक चौधरी पर यह भी आरोप लगाया कि वह भाजपा के संपर्क में हैं। वे अपने दामाद को भाजपा से चुनाव लड़वाना चाहते हैं।

इसलिए बरबीघा में सारा कुचक्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने दामाद को नवादा लोकसभा सीट पर चुनाव लड़वाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें : 'लिपस्टिक-बॉब कट' बयान पर मचा बवाल, लालू के करीबी RJD नेता महिला आरक्षण पर बोले- वो हक मार लेंगी...

इस लोकसभा सीट में बरबीघा विधानसभा क्षेत्र आता है। बता दें कि अशोक चौधरी के दामाद सायण कुणाल हैं, जो आचार्य किशोर कुणाल के पुत्र हैं। हालांकि, अशोक चौधरी ने इन आरोपों से इनकार किया है।

chat bot
आपका साथी