आम्रपाली में पहले चढ़ने का विवाद सोनपुर से पहुंचा सिवान

By Edited By: Publish:Sun, 29 Jun 2014 01:01 AM (IST) Updated:Sun, 29 Jun 2014 01:01 AM (IST)
आम्रपाली में पहले चढ़ने का विवाद सोनपुर से पहुंचा सिवान

जागरण संवाददाता, सिवान : आम्रपाली एक्सप्रेस में पहले चढ़ने को लेकर सोनपुर से शुरू हुआ विवाद ट्रेन खुलने पर भी जारी रहा और सिवान जंक्शन तक पहुंच गया। इस दौरान एक महिला यात्री व पुरूष यात्री में तु तु मैं मैं होती रही। हालांकि विवाद का अंत सिवान जंक्शन पर हो गया जब मामला जीआरपी तक पहुंचा।

दोनों यात्रियों ने कोई शिकायत नहीं की। जीआरपी ने दोनों को समझा बुझा दिया। इस दौरान आम्रपाली एक्सप्रेस दस मिनट तक सिवान जंक्शन पर खड़ी रही।

बताया जाता है कि सोनपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15707 आम्रपाली अप एक्सप्रेस के एसी कोच बी वन में चढ़ने के दौरान आमी निवासी निशिकंज और सोनपुर निवासी युवती दिप्तेश सौरभ में विवाद हो गया। प्लेटफार्म पर ही कुछ देर तक दोनों यात्रियों के बीच बहसबाजी हुई। दिप्तेश सौरभ को लखनऊ जाना था। ट्रेन में दिप्तेश सौरभ को बी वन के 39 नम्बर बर्थ अलाट था जबकि एयर फोर्स में कार्यरत जवान निशिकंज उसी कोच में अपने माता, पिता और पत्‍‌नी के साथ जालंधर के लिए रवाना हुआ था। ट्रेन खुलने के बाद भी विवाद गहराता गया और बात गाली गलौज तक पहुंच गई।

विवाद गहराता देख लड़की दिप्तेश ने सिवान एसपी विकास वर्मन को फोन कर दिया। इसके बाद एसपी ने इसकी सूचना तुरंत जीआरपी सिवान को दी। जिसके बाद ट्रेन जैसे ही सिवान जंक्शन पहुंची। जीआरपी प्रभारी विनोद राम ने लड़की से संपर्क कर मामले की जानकारी ली। लड़की ने निशिकंज पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। हालांकि लिखित शिकायत करने करने से उसने इंकार किया। जीआरपी ने दोनों यात्रियों को आपस में सुलह करा कर शांत कराया।

आरक्षण केन्द्र पर भिड़ी महिला यात्री

जासं, सिवान : जंक्शन के आरक्षण केन्द्र पर शनिवार को आरक्षित टिकट पहले लेने के क्रम में दो महिला यात्री आपस में भिड़ गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। जिसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर ने दोनों महिला यात्री को समझा कर मामले को शांत कराया। आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज सिन्हा ने बताया कि पहले टिकट लेने के क्रम में दोनों महिलाएं उलझ गई। दोनों को शांत करा टिकट उपलब्ध कराए गए

chat bot
आपका साथी