Chhattisgarh: कांकेर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, महिला नक्सली और BSF जवान घायल

कांकेर जिले के उरपंझुर गांव के जंगल में बीएसएफ और पुलिस बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। जिसमें महिला नक्सली के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई है तो वहीं इस मुठभेड़ में बीएसएफ का जवान भी घायल होे गया है। (जागरण फोटो)

By Jagran NewsEdited By:
Updated: Sat, 27 May 2023 10:29 AM (IST)
Chhattisgarh: कांकेर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, महिला नक्सली और BSF जवान घायल
महिला नक्सली और BSF जवान घायल मुठभेड़ में घायल

कांकेर, पीटीआई। छत्तीसगढ़ का कांकेर जिला नक्सल प्रभावित क्षेत्र है, लेकिन जवान नक्सलियों के मनसूबों को हर बार नाकाम कर देते हैं। वहीं, एक बार फिर कांकेर में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक महिला नक्सली घायल हो गई है। दरअसल, कांकेर जिले के उरपंझुर गांव के जंगल में बीएसएफ और पुलिस बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में बीएसएफ का जवान घायल

मुठभेड़ के दौरान एक महिला नक्सली गंभीर रूप से घायल हो गई है, तो वहीं इसमें बीएसएफ का एक जवान भी घायल हो गया है। मुठभेड़ के दौरान जवान को गोली लग गई थी, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घायल नक्सली को सुरक्षाबल के जवान मुठभेड़ स्थल से ले कर लौट गए हैं।

रात नौ बजे हुई जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उरपंझुर गांव के जंगलों में शुक्रवार की रात हुई झड़प में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी ने बताया कि बीएसएफ की 178वीं बटालियन और कांकेर पुलिस के जवानों ने प्रतापपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेंदरा कैंप से मरकचुआ गांव की ओर शुक्रवार रात अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि रात करीब नौ बजे जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

पैर में गोली लगने से घायल हुई महिला

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर एक महिला नक्सली घायल हालत में मिली है। उसके पैर में गोली लगी है। अधिकारियों के घटनास्थल से एक सिंगल शॉट गन भी बरामद हुई है। आईजी ने कहा कि बीएसएफ कांस्टेबल विकास सिंह को गोलीबारी में मामूली चोटें आईं और उन्हें शिविर में प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

आरकेबी डिवीजन की सदस्य है महिला नक्सली

घायल नक्सली की पहचान माओवादियों के आरकेबी डिवीजन के सदस्य फगनी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि वह माओवादियों के मदनवाड़ा स्थानीय संगठन दस्ते (एलओएस) के कमांडर विनोद की पत्नी हैं। उन्होंने कहा कि घायल नक्सली को अस्पताल ले जाया जा रहा है और इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।