Delhi Waterlogging: दिल्ली में जलभराव की समस्या से मिलेगा छुटकारा! 40 स्थानों पर CCTV कैमरों से रखी जा रही नजर
मानसून की पहली झमाझम बारिश से दिल्ली में जलभराव को लेकर किए गए इंतजाम की पोल खुल गई। इससे निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की ओर से 40 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय से इन प्वाइंट की 24 घंटे निगरानी हो रही है। साथ ही समस्या के समाधान के लिए सभी प्वाइंट का सर्वे करने का निर्देश दिया गया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जलभराव वाले 10 स्थानों पर इस समस्या को पूरी तरह दूर करने के लिए जुटा है, मगर इसी बीच दिल्ली में अधिक जलभराव वाले 30 और नए स्थान तैयार हो गए हैं। यहां पर पिछले दो साल से अधिक जलभराव हो रहा है।
समस्या इतनी बढ़ती जा रही है कि विभाग ने इन स्थानों पर 24 घंटे निगरानी से लिए अब सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिससे वर्षा का पानी बढ़ने पर संसाधन तुरंत उपलब्ध करा पानी निकालकर लोगों को निजात दिलाई जा सके। विभाग ने इन सभी प्वाइंट का सर्वे करने का निर्देश दिया है।
इस बारे में एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। विभाग की योजना इसी माह इन प्वाइंट पर कैमरे लगाने की है। दिल्ली में जलभराव वाले स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में बने कंट्रोल रूप से जोड़ा गया है। यहां 15 जून से 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा जलभराव वाले इन प्वाइंट पर जलभराव का कारण क्या है।इस समस्या को कैसे दूर कर जलभराव समाप्त किया जाए। इसके अलावा जलभराव होने पर इन प्वाइंट से जल्द जल निकासी की क्या व्यवस्था की जाए।इस पर भी काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
विभाग की नजर में मिंटो रोड अंडरपास, पुल प्रहलादपुर, आजादपुर अंडरपास सहित नौ स्थान जलभराव की दृष्टि से सबसे अधिक बड़े हैं। इन स्थानों पर जल निकासी का सिस्टम भी अपग्रेड किया जा रहा है।