'राहुल गांधी बताएं 1984 में सिख विरोधी दंगा किसने कराया? लोकसभा में कांग्रेस नेता के बयान पर बोली भाजपा

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राहुल गांधी पर हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक सोची समझी साजिश के तहत सनातन का अपमान किया जा रहा है। साथ ही सवाल किया कि कांग्रेस नेता बताएं कि 1984 में सिख विरोधी दंगा किसने कराया? इसी क्रम में भाजपा सांसद मनोज तिवारी कहा कि राहुल गांधी को सदन व देश से माफी मांगनी चाहिए।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Abhishek Tiwari Publish:Tue, 02 Jul 2024 01:28 PM (IST) Updated:Tue, 02 Jul 2024 01:28 PM (IST)
'राहुल गांधी बताएं 1984 में सिख विरोधी दंगा किसने कराया? लोकसभा में कांग्रेस नेता के बयान पर बोली भाजपा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राहुल गांधी पर हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाया।

HighLights

  • सचदेवा ने कहा- एक सोची समझी साजिश के तहत सनातन का किया जा रहा है अपमान
  • मनोज तिवारी ने कहा- सुशील कुमार शिंदे की तरह राहुल को भी मांगनी होगी माफी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हिंदुओं का अपमान करने और समाज में द्वेष फैलाने का आरोप लगाया है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "कांग्रेस नेता बार-बार हिंदुओं को हिंसक बोल रहे हैं। हिंदू समाज को हिंसक व असत्यवादी बताना सनातन का अपमान है। राहुल गांधी का गैंग उनकी अपमानजनक बातों को सही साबित करने में लग गया है।"

इसमें कोई आश्चर्य भी नहीं है क्योंकि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों में झूठ बोलने की संस्कृति पनप रही है। झूठ बोलना, बार-बार बोलना व जोर से बोलना उनकी आदत हो गई है। विपक्षी नेताओं के बयान देश विरोधियों को समर्थन करने जैसा है।

राहुल के आचरण में दिखती है विदेशी मानसिकता- सचदेवा

प्रेसवार्ता में उन्होंने आगे कहा, "राहुल गांधी देश में नफरत बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हिंदुओं के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है वैसी किसी दूसरे धर्म के लिए नहीं कर सकते हैं। यह उनके आचरण को बताता है। विदेशी मानसिकता उनके आचरण में दिखती है। एक भारतीय सनातन को गाली नहीं दे सकता है। उन्हें बताना चाहिए कि वर्ष 1975 में देश में आपातकाल किसने लगाया और 1984 में सिख विरोधी दंगे किसने किए?"

ये भी पढ़ें-

क्या Rahul Gandhi के सपोर्ट में उतरे नगीना सांसद चंद्रशेखर? बयान के हिस्सों को रिकॉर्ड से हटाने पर दिया ये रिएक्शन

सचदेवा ने कहा, "बंगाल, तमिलनाडु, केरल में होने वाली हिंसक घटनाओं पर भी उन्हें बोलना चाहिए। कांग्रेस नेता व पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम और सुशील कुमार शिंदे भी हिंदुओं को आतंकी बोल चुके हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस एक सोची समझी साजिश के तहत हिंदुओं को बदनाम कर रही है। हिंदुओं की अस्मिता को जब ललकारा जाता है तो उसके परिणाम को भी उन्हें याद कर लेना चाहिए।"

राहुल गांधी को सदन व देश से क्षमा मांगनी होगी- मनोज तिवारी

इसी क्रम में सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "कांग्रेस व राहुल निराशा में पहुंचने के बाद समाज में द्वेष पैदा कर देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। वर्ष 2014 व 2019 में राहुल ने ईश्वर की शपथ नहीं ली थी। उन्होंने भगवान शंकर व गुरु नानक देव जी की तस्वीर का अनादर किया है।"

भाजपा नेता ने आगे कहा, "हिंदुओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी के लिए शिंदे को खेद प्रकट करना पड़ा था। राहुल गांधी को भी सदन व देश से क्षमा मांगनी होगी। उन्हें यह भी बताना होगा कि केंद्र सरकार ने किसानों को कब आतंकी बोला है और कांग्रेस के शासनकाल में धान, गेहूं व अन्य फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य क्या था और अब कितना है?"

chat bot
आपका साथी