दिल्ली में बारिश को लेकर तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट, मानसून की वर्षा ने दूसरे दिन भी राजधानी को भिगोया

दिल्ली में मानसून आ गया है और बारिश जारी है। शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। शनिवार को भी बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बारिश से गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Geetarjun Publish:Sun, 30 Jun 2024 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 30 Jun 2024 06:00 AM (IST)
दिल्ली में बारिश को लेकर तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट, मानसून की वर्षा ने दूसरे दिन भी राजधानी को भिगोया
दिल्ली में बारिश को लेकर तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट

HighLights

  • मानसून के दूसरे दिन हुई हल्की वर्षा, तीन दिन आरेंज अलर्ट।
  • दिल्ली में 8.9 मिलीमीटर वर्षा हुई दर्ज-आज हो सकती है मध्यम से भारी वर्षा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में मानसून आने के दूसरे दिन शनिवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। दिन में रुक-रुक कर दिल्ली के कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। मंगलवार के बाद भी वर्षा का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के शनिवार के लिए भी आरेंज अलर्ट जारी किया था लेकिन पहले दिन रिकार्ड तोड़ भारी वर्षा के बाद दूसरे दिन मानसून के तेवर थोड़े नरम रहे। इससे शनिवार को दिल्ली में 8.9 मिलीमीटर ही वर्षा हुई। वर्षा कम होने के कारण जलभराव जैसी समस्या नहीं हुई।

कहां कितनी हुई बारिश

सुबह में साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच मयूर विहार में 3.5 मिलीमीटर व लोधी रोड में एक मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी हल्की वर्षा हुई। दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच सफदरजंग में 8.9 मिलीमीटर, लोधी रोड में 12.6 मिलीमीटर वर्षा हुई।

सफदरजंग में हुई वर्षा को दिल्ली का औसत माना जाता है। दिल्ली में दो दिनों में 234.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है जो सामान्य (66.7 मिलीमीटर) से 252 प्रतिशत (167.8 मिलीमीटर) अधिक है।

कितना दर्ज किया गया तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। एक दिन पहले दिल्ली का तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस था।

इसके मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई। रविवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है और मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।

मध्यम श्रेणी में पहुंची हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में शनिवार को वर्षा कम होने कारण एक दिन बाद ही हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी से मध्यम श्रेणी में पहुंच गई। एनसीआर के ज्यादातर प्रमुख शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को वर्षा होने पर एयर इंडेक्स में सुधार होगा। इसलिए रविवार से मंगलवार तक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रह सकती है।

सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 118, फरीदाबाद का 171, गाजियाबाद का 123, ग्रेटर नोएडा का 110, गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 133 रहा जो मध्यम श्रेणी में है। नोएडा का एयर इंडेक्स संतोषजनक श्रेणी में 88 रहा। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 64 था।

chat bot
आपका साथी