Delhi Heavy Rain: दिल्ली में 24 घंटे की वर्षा ने तोड़ा 88 साल का रिकॉर्ड, अगले दो दिन भी भारी बारिश की चेतावनी

बीते दो दिन पहले तक देश की राजधानी दिल्ली भारी जल संकटों और भीषण गर्मी से जूझ रही थी। लेकिन आज चारों तरफ पानी से जल मग्न है। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 228.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले 28 जून 1936 को 235.5 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया।

By sanjeev Gupta Edited By: Monu Kumar Jha Publish:Fri, 28 Jun 2024 02:06 PM (IST) Updated:Fri, 28 Jun 2024 02:06 PM (IST)
Delhi Heavy Rain: दिल्ली में 24 घंटे की वर्षा ने तोड़ा 88 साल का रिकॉर्ड, अगले दो दिन भी भारी बारिश की चेतावनी
Delhi Rain: मानसून की दस्तक से पहले प्री मानसून की वर्षा ने ही राजधानी को किया सराबोर।

HighLights

  • दिल्ली में 24 घंटे की वर्षा ने तोड़ा 88 साल का पुराना रिकॉर्ड।
  • कल सुबह साढ़े 8 बजे से आज सुबह साढ़े 8 बजे तक दर्ज की गई 228.1 मिमी।
  • इससे पहले 28 जून 1936 को हुई थी 235.5 मिमी, यही है जून का आल टाइम रिकॉर्ड।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। (Delhi Rain Update) अभी तक उच्च तापमान, भीषण लू और सूखे की मार झेल रही दिल्ली ने अब वर्षा का भी 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। महज 24 घंटे की वर्षा 124 साल (1901 से लेकर 2024 तक) के ऑल टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने से थोड़ा ही पीछे रह गई।

हैरानी की बात यह भी कि इस बरसात ने न केवल जून बल्कि मार्च से लेकर अभी तक वर्षा का सारा कोटा भी पूरा कर दिया है। अभी शनिवार और रविवार को भी दिल्ली में भारी वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया हुआ है।

मानसून की दस्तक से पहले प्री मानसून राजधानी को भिगोया

मानसून की दस्तक से पहले प्री मानसून की वर्षा ने ही राजधानी को सराबोर कर दिया है। उमस भरी गर्मी से भी दिल्ली वासियों को काफी राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इस रिकॉर्ड वर्षा से जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है।

यूं तो बृहस्पतिवार सुबह भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में उमस से राहत दिलाने वाली अच्छी वर्षा हुई थी। लेकिन रात करीब ढाई बजे शुरू हुई भारी बरसात आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक चलती रही। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग पर 228.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

इस माह की 24 घंटे की अभी तक की सर्वाधिक बारिश

यह 28 जून 1936 के बाद 88 सालों में इस माह की 24 घंटे की अभी तक की सर्वाधिक वर्षा है। दिल्ली के अन्य इलाकों में लोधी रोड पर 192.8, रिज में 150.4, पालम में 106.6 और आयानगर में 66.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

भारी वर्षा की वजह से न्यूनतम तापमान में भी एक दिन पहले के मुकाबले चार डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। आज का न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि कल यह 28.6 डिग्री रहा था।

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन में भी बादल छाए रहने, 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली झोंकेदार हवा के साथ बरसात होने की संभावना है। आज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री रह सकता है।

मार्च से जून के दौरान इस साल दिल्ली में किस माह कितनी हुई वर्षा (मिमी में):-

माह सामान्य वर्षा वर्षा हुई कितनी कम

मार्च 17.4 4.3 -75 प्रतिशत

अप्रैल 16.3 7.5 -54 प्रतिशत

मई 30.7 0.4 -99 प्रतिशत

जून 74.1 228.1 +300 प्रतिशत (करीब)

मार्च से जून के दौरान 2023 में दिल्ली में किस माह कितनी हुई वर्षा (मिमी में):-

माह सामान्य वर्षा वर्षा हुई कितनी कम

मार्च 17.4 53.2 206 प्रतिशत

अप्रैल 16.3 20.1 23 प्रतिशत

मई 30.7 111.0 262 प्रतिशत

जून 74.1 101.7 37 प्रतिशत

यह भी पढ़ें: Delhi Rain: दिल्ली बारिश से तर-बतर: सड़कें पानी से लबालब; डूबी गाड़ियां, चौंकाने के साथ डरा भी रहे ये पांच VIDEO

chat bot
आपका साथी