Lok Sabha Election 2019 : जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में बनेंगे 129 मॉडल और 25 पिंक बूथ
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में इस बार 129 आदर्श मतदान केंद्र (मॉडल बूथ) बनाए जाएंगे जबकि 25 पिंक बूथ होंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में इस बार 129 आदर्श मतदान केंद्र (मॉडल बूथ) बनाए जाएंगे, जबकि 25 पिंक बूथ होंगे। क्षेत्र के कुल 1885 बूथ में से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम की ओर से इन बूथों का चयन कर लिया गया है।
बूथों की सूची सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को भेज दी गई है, क्योंकि बूथों को आदर्श बनाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। इन बूथों पर चाय, पानी व बिस्कुट की व्यवस्था रहेगी, तो सेल्फी प्वाइंट बनाने के साथ बूथों की सजावट भी की जाएगी। इसके अलावा जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के 25 मतदान केंद्र को पिंक बूथ के रूप में चुना गया है, जहां सिर्फ महिला मतदानकर्मी रहेंगी। ये सभी बूथ शहरी क्षेत्र में रहेंगे, जबकि मॉडल बूथ विधानसभावार बनाए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल बूथ की संख्या कम रहेगी, जबकि गांव में ज्यादा। मॉडल बूथ के अलावा अधिकांश बूथों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। इस कवायद का मकसद अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। खासकर शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार मॉडल व पिंक बूथों को चुना गया है, जहां मतदान अपेक्षाकृत कम होता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप