Lok Sabha Election 2024: 'काम किया है और भी करेंगे, जनसेवा के सिवाय कोई काम नहीं' पढ़िए केंद्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय का पूरा इंटरव्यू

Lok Sabha Election 2024 उत्तर प्रदेश की चंदौली लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय चुनाव मैदान में हैं। उन्हें अपने काम पर भरोसा है। उनका कहना है कि 10 साल में जितना काम किया है उतना 70 सालों में क्षेत्र में नहीं हुआ है। मेरे पास जनसेवा के सिवाय कोई दूसरा काम भी नहीं है। पढ़िए महेंद्रनाथ पांडेय के इंटरव्यू के खास अंश...

By Jagran NewsEdited By: Ajay Kumar Publish:Thu, 30 May 2024 10:45 AM (IST) Updated:Thu, 30 May 2024 10:45 AM (IST)
Lok Sabha Election 2024: 'काम किया है और भी करेंगे, जनसेवा के सिवाय कोई काम नहीं' पढ़िए केंद्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय का पूरा इंटरव्यू
लोकसभा चुनाव 2024: केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय का साक्षात्कार।

HighLights

  • 36 कार्ययोजना-संकल्पों से पांच वर्ष में चंदौली के पिछड़ेपन की बदल देंगे तस्वीर
  • मोदी ने विश्वास जताया है कि जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से फिर पहुंचेंगे संसद

जागरण, चंदौली। वाराणसी से बिहार की सीमा तक फैले चंदौली संसदीय क्षेत्र के सांसद और मोदी सरकार में भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय हैट्रिक लगाने के लिए चुनावी रण में पसीना बहा रहे हैं। गांवों में दिन ही नहीं रात गुजार मोदी-योगी सरकार के कामकाज के साथ ही अपनी उपलब्धियां गिनाकर वोट मांग रहे डॉ. पाण्डेय का स्पष्ट तौर पर कहना है कि जनसेवा के सिवाय उनके पास कोई दूसरा काम नहीं है।

दावे के साथ कहते हैं कि 10 वर्षों के दरमियान क्षेत्र में जितने कार्य कराएं हैं उतने आजादी के बाद 70 वर्षों में नहीं हुए। अगले पांच वर्ष में क्षेत्र के पिछड़ेपन की तस्वीर बदलने वाली 36 कार्ययोजना और संकल्पों को बताते हुए डॉ. पाण्डेय कहते हैं कि अब चंदौली को देश के पांच सर्वाधिक विकसित ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र में से एक बनाएंगे। छात्र राजनीति से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक रहे डॉ. पाण्डेय से चुनावी व्यस्तताओं के बीच चंदौली के अहरक गांव में दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख अजय जायसवाल ने बात की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश :-

यह भी पढ़ें: क्या जातीय समीकरण में फंसी अनुप्रिया पटेल की सीट? जानिए सपा और बसपा की चुनावी रणनीति

सवाल: सपा-कांग्रेस के आईएनडीआईए गठबंधन को अपने लिए कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?

जवाब: पिछले चुनाव में भी तो एक गठबंधन (सपा-बसपा-रालोद) था। क्षेत्रवासियों ने जिस तरह से उसे नकारा उसी तरह से इस बार भी गठबंधन को नकार देंगे।

सवाल: ...और बसपा के बारे में क्या कहेंगे?

जवाब: एक दशक पहले भी तो बसपा अकेले ही चुनाव लड़ी थी। जिस तरह से तब शून्य पर सिमट गई थी, उसी तरह इस बार भी उससे आगे बढ़ने वाली नहीं है।

सवाल: चुनाव में मोदी-योगी सरकार के काम-काज का कितना असर है?

जवाब: हम सब मोदी जी के नेतृत्व में विकासवाद और राष्ट्रवाद के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उपलब्धियों और संकल्पों के दम पर स्पष्ट तौर कह सकता हूं कि एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। निश्चित तौर पर योगी सरकार के तमाम काम और बेहतर कानून-व्यवस्था उसमें सहायक साबित हो रही है।

सवाल: अब तो सुभासपा भी आपके साथ है और जनवादी पार्टी का समर्थन भी। नतीजे पर असर पड़ेगा?

जवाब: जी, सुभासपा के साथ ही अपना दल (एस) व निषाद पार्टी भी हमारे सहयोगी हैं। जनवादी पार्टी हमारा समर्थन कर रही है। सभी के सहयोग और उपलब्धियों के दम पर कह सकता हूं कि भाजपा यहां रिकॉर्ड मतों से जीतेगी।

जवाब: अपनी जीत को लेकर कितना आश्वास्त हैं?

सवाल: चंदौली की जनता मेरे बारे में अच्छी तरह से जानती है। जनसेवा के सिवाय मेरे पास कोई दूसरा काम नहीं है। हमारे न स्कूल हैं और न ही कोई दूसरा कारोबार। निजी स्वार्थ और व्यापारिक लाभ के लिए कभी राजनीति नहीं की। किसी तरह के भेदभाव के बिना क्षेत्र के विकास पर पूरा ध्यान दिया है। समाज के निचले तबके तक को मोदी-योगी सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिला है। मोदी जी ने भी पत्र लिखकर विश्वास जताया है कि जनता-जनार्दन मुझे फिर संसद पहुंचाएगी।

सवाल: संसदीय क्षेत्र में क्या खास किया है?

जवाब: आजादी के बाद चाहे कांग्रेस की सरकार रही हो या फिर सपा-बसपा की, सभी ने चंदौली की उपेक्षा ही हुई। दावे के साथ कह सकता हूं कि पिछले 10 वर्षों में जितने काम कराए हैं उतने आजादी के बाद 70 वर्षों में यहां नहीं हुए। कृषि क्षेत्र की समस्याएं दूर कर किसानों को राहत दी है। सड़क, पुल रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) आदि के निर्माण से जनता को सुविधा हुई है। अरे, मैं तो लोगों के काम करने के लिए ही जाना जाता हूं। मेरा जुनून ही है जनसेवा करना। जनसेवा के पथ पर न पहले रुके हैं और न ही आगे रुकने वाले है।

सवाल: भविष्य में क्षेत्रवासियों के लिए क्या खास करने वाले हैं?

जवाब: अगले पांच वर्ष में चंदौली के पिछड़ेपन की तस्वीर बदलने के लिए हमारी 36 कार्ययोजना और संकल्प हैं। इनमें खासतौर से कच्ची सड़कों को पक्का कराना, अहम सड़कों, राजमार्गों का चौड़ीकरण के साथ ही और जहां जरूरत होगी वहां आरओबी तथा अंडरपास का निर्माण कराएंगे। गोमती नदी पर कई पाण्टून (पीपा) पुल, गंगा नदी व गोमती नदी पर पक्का पुल बनवाएंगे। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, कस्बों के घरों में गैस पाइप लाइन, गांवों में वाई-फाई, क्षेत्र के स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों का ठहराव कराएंगे।

सवाल: केंद्रीय मंत्री होने के नाते क्या किया?

जवाब: कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय का दायित्व संभालने पर युवाओं में कौशल विकास को बढ़ावा दिया जिससे उन्हें रोजगार मिला। भारी उद्योग मंत्री बनने पर विभिन्न कंपनियों के सीएसआर (कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड से क्षेत्र में तमाम कार्य कराए।

सवाल: किसानों के लिए और क्या करेंगे?

जवाब: चंदौली को सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने को नये विक्रय केंद्र उपलब्ध कराएंगे। सैयदराजा क्षेत्र में सिंचाई के लिए अगहरवीर बहुरिया नदी पर पाताल गंगा के पास रेगुलेटर से पानी रोक नई लिफ्ट कैनाल का कार्य कराएंगे। बरथरा कला, शिवदसा में गंगा व गोमती नदी पर भी आवश्कतानुसार लिफ्ट का निर्माण होगा। ब्लैक राइस की मार्केटिंग की परिकल्पना साकार करेंगे।

सवाल: स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं नहीं हैं।

जवाब: जल्द ही मेडिकल कॉलेज चालू हो जाएगा। कल्याण सिंह स्मृति मोबाइल चिकित्सालय की तर्ज पर नाक, कान, गला, आंख एवं जनरल ओपीडी के चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ चार अन्य मोबाइल वैन चिकित्सा का निर्माण कराएंगे। टीबी अस्पताल भी बनवाएंगे।

सवाल: बेटियों-महिलाओं के लिए क्या कुछ करने वाले हैं?

जवाब: क्षेत्र में अधिक से अधिक राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खोले जाएंगे। महिलाओं की आमदनी बढ़ाने को स्वरोजगार के अवसर दिलाएंगे। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराएंगे।

सवाल: पेयजल की दिक्कत दूर करने के लिए क्या करेंगे?

जवाब: 'हर घर नल से जल' योजना से जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगे। स्कूलों में आरओ पानी के संयंत्र से छात्रों को भी शुद्ध पानी मिलेगा।

सवाल: शिक्षा व स्पोर्टस के लिए क्या करने वाले हैं?

जवाब: क्षेत्र में सनातन संस्कृति के साथ अत्याधुनिक पढ़ाई कराने वाले गुरुकुल विद्यालयों की स्थापना कराएंगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के केंद्रीय विद्यालय को जल्द ही उच्च स्तरीय बनवाएंगे। भदहांकला (रजवारी) में बन रहे केंद्रीय विद्यालय के साथ-साथ स्पोर्टस सेंटर बनाया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र और साई के जरिए विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण कैंप लगवाएंगे।

सवाल: क्षेत्र में पर्यटन के विकास की क्या योजना है?

जवाब: श्री मार्कण्डेय महादेव धाम को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का पर्यटक केन्द्र बनाएंगे। बबुरी में मां बागेश्वरी देवी, खाकी कुटी सराय मोहाना, प्राचीन शिव मंदिर राजापुर, श्री दुखहरण नाथ मंदिर पियरी, महड़ौरी देवी (लक्ष्मी जी) महड़ौरा, श्री उदयीवीर बाबा मंदिर रमचन्दीपुर तथा पांचों शिवाला मंदिर रसूलपुर आदि का धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकास कराएंगे। कैली, टांडा, महड़ौरा (नया), नरौली, गुरैनी में गंगा तट पर घाटों का निर्माण होगा। इनसे क्षेत्रवासियों को आर्थिक लाभ व स्वरोजगार भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें: आखिरी जंग में क्‍या 2019 में हारी हुई ये दो सीटें जीत पाएगी भाजपा या फिर जीती हुई 11 को बचाना भी मुश्किल?

chat bot
आपका साथी