फरीदाबाद में हुड्डा ने भरी विस चुनाव में जीत की हुंकार, उदयभान बोले जब तक सत्ता परिवर्तन नहीं होता; तब तक...

फरीदाबाद जिले (Faridabad) में आज प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक किया। हुड्डा ने कहा कि तीन महीनों में जनता के घर के दरवाजे तक दस्तक दें। कांग्रेस और भाजपा के राज में हुए काम के बारे में बताएं। वहीं उदयभान ने कहा कि जब तक सत्ता परिवर्तन नहीं होता कोई कार्यकर्ता घर में नहीं बैठे।

By Susheel Bhatia Edited By: Monu Kumar Jha Publish:Fri, 28 Jun 2024 08:25 PM (IST) Updated:Fri, 28 Jun 2024 08:25 PM (IST)
फरीदाबाद में हुड्डा ने भरी विस चुनाव में जीत की हुंकार, उदयभान बोले जब तक सत्ता परिवर्तन नहीं होता; तब तक...
मैगपाई टूरिस्ट कांपलेक्स में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य।

HighLights

  • अपनी सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता घरों से निकलें : भूपेंद्र हुड्डा।
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान पहली बार कार्यकर्ताओं के बीच।
  • लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस ने दस में से पांच सीटें जीती।

सुशील भाटिया, फरीदाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि उन्हें प्रदेश में अपनी सरकार चाहिए तो अगले तीन महीनों तक घरों से बाहर निकल कर जनता के घर का दरवाजा खटखटाएं।

कांग्रेस और भाजपा सरकार में हुए काम का समझाएं अंतर-हुड्डा

जनता को कांग्रेस सरकार में हुए कार्यों व अब दस सालों में भाजपा सरकार (Haryana BJP) के बीच के कार्यों का अंतर समझाएं। कार्यकर्ता मेहनत करेंगे तो प्रदेश में फिर कांग्रेस सरकार होगी।

भूपेंद्र हुड्डा शुक्रवार को मैगपाई टूरिस्ट कॉम्पलेक्स में आयोजित जिला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से रूबरू होने आए थे। लोकसभा चुनाव के बाद भूपेंद्र हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) और उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान पहली बार कार्यकर्ताओं के बीच थे।

कांग्रेस का मत प्रतिशत भी बढ़ा, जबकि भाजपा का हुआ कम-पूर्व सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस (Haryana Congress) ने दस में से पांच सीटें जीती। पिछली बार एक सीट भी नहीं थी। इस बार पांच सीटें जीती हैं और कांग्रेस का मत प्रतिशत भी बढ़ा, जबकि भाजपा का कम हुआ है।

इसके लिए कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं, पर अभी असली मोर्चे पर जीतना बाकी है। यह मोर्चा विधानसभा चुनाव का है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता घर ने बैठें और जनता को भाजपा सरकार की नाकामियों के बारे में बताएं।

2005 से लेकर 2014 तक हरियाणा निवेश में नंबर एक-कांग्रेस

फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सारी विधानसभाओं में कांग्रेस की जीत ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से लेकर 2014 तक कांग्रेस सरकार में हरियाणा विकास के मामले में और निवेश के मामले में नंबर एक पर था।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हरियाणा में बदमाशों को रहने नहीं देंगे। सुरक्षित व विकसित हरियाणा बनाना कांग्रेस का मकसद है। कार्यकर्ता आराम को त्यागें और जब तक सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता तब तक चैन से न बैठें।

कार्यकर्ताओं के समक्ष विधानसभा में कांग्रेस के उप नेता आफताब अहमद, विधायक नीरज शर्मा (Neeraj Sharma), पूर्व मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर, पूर्व विधायक रघुवीर तेवतिया व ललित नागर (Lalit Nagar), वरिष्ठ नेता विजय प्रताप सिंह व लखन सिंगला (Lakhan Singla) ने भी अपनी बात रखी।

इस अवसर पर जेपी नागर, गिरीश भारद्वाज, मनधीर मान, गुलशन बग्गा, ठाकुर राजाराम, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, वासुदेव अरोड़ा, गोल्डी बरेजा, नितिन सिंगला, भारत अरोड़ा, अभिलाष नागर, संजय सोलंकी, रेनू चौहान, अनिल नेताजी भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: Faridabad: भीकम कालोनी के लोगों ने सीवर की समस्या को लेकर लगाया जाम, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

chat bot
आपका साथी