हरियाणा में गो तस्करों ने एनआरआइ महिला पर किया हमला
महिला ने मोबाइल से फोटो लेने का प्रयास किया तो पिकअप में सवार एक युवक ने गोली चला दी।
गुरुग्राम (जेएनएन)। रविवार देर रात पुलिस पार्टी पर हमला कर फरार होने वाले गो तस्करों ने एक एनआरआइ महिला पर हमला किया था। महिला अपने साथी के साथ कार में गुरुग्राम से सोहना की ओर जा रही थी। कार सोहना के निकट पहुंची तो वहां पर पिकअप में सवार तस्करों ने पहले तो फायर किया फिर उनकी कार पर गाय फेंक दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया और छह लोगों को नामजद किया गया है। इससे पहले महिला मामले की जानकारी मीडियाकर्मियों को दी थी।
बता दें कि सेक्टर-58 की आयरिवो सिटी निवासी एनआरआइ महिला इन दिनों इंग्लैड से यहां आई हुई है। रविवार देर रात करीब ढाई बजे अपने एक साथी के साथ सोहना जा रही थी। जब वह सोहना पहुंची तो उसकी कार के आगे महिंद्रा पिकअप चल रही थी, जिसमें गायें भरी हुई थी।
महिला ने उन्हें देख मोबाइल से फोटो लेने का प्रयास किया तो पिकअप में सवार एक युवक ने गोली चला दी। इसके बाद बदमाशों ने कार के आगे एक गाय फेंक दी। गोरक्षकों ने पुलिस को पहले सूचना दी हुई थी। जिसके चलते पुलिस ने सोहना में नाकेबंदी कर रखी थी।
पुलिसकर्मियों पर भी गोली चलाते हुए बदमाश भाग निकले थे। हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने पीछा किया तो तस्कर गाय से लदा वाहन छोड़ भाग गए।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही केस दर्ज कर लिया था। साथ ही एनआरआइ महिला की शिकायत पर एक और केस दर्ज कर लिया। सोहना सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया दोनों मामले दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।