फतेहाबाद में किसान आंदोलन के साये में स्वतंत्रता दिवस, बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला होंगे मुख्यातिथि

फतेहाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस लाइन में होगा। बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला मुख्यातिथि होंगे। किसानों ने विरोध के लिए बैठकें भी कीं। इसे देखते हुए पुलिस लाइन को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 14 Aug 2021 05:01 PM (IST) Updated:Sat, 14 Aug 2021 05:01 PM (IST)
फतेहाबाद में किसान आंदोलन के साये में स्वतंत्रता दिवस, बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला होंगे मुख्यातिथि
फतेहाबाद में पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड्स लगा रखे हैं।

जागरण संवाददाता फतेहबाद। आजादी का राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम हर बार की तरह इस बार भी पुलिस लाइन में होगा। इस बार कार्यक्रम में झंडा फहराने के लिए बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला आएंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम में इस बार तैयारी किसानों को रोकने के लिए की है। उन्होंने जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं।

पुलिस लाइन को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसानों के विरोध के देखते हुए प्रशासन ने इस बार कार्यक्रम में बस औपचारिकता निभा रहा है। यूं कहें कि आजादी का पर्व इस बार आंदोलन के साये में होगा। जिस आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया था, अब उसी दिन खुशी मनाने के लिए भी पुलिस की सुरक्षा लेनी पड़े। ऐसे में ये आंदोलनकारियों को भी सोचना चाहिए। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि आंदोलनकारियों को रोकने के लिए 800 से अधिक पुलिस व होम गार्ड तैनात रहेंगे। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। वैसे इस बार आजादी मिले 75 साल पूरे होने की खुशी है। सरकार भी इसे जोर-शोर से मनाने के लिए कई जगह प्रयास कर रही है। पहले कोरोना महामारी अब आंदोलन को लेकर 75वीं आजादी की वर्षगांठ पर उस तरह से आयोजन नहीं होने वाला। जिसे देखने के लिए आमजन बेकरार रहता था।

फतेहाबाद में 15 अगस्त पर किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए बैरिकेडिंग करते पुलिसकर्मी।

सुरक्षा के लिए प्रबंध: हिसार रोड सील रहेगा 

रविवार सुबह से ही हिसार रोड को धांगड़ पुल के पास सील कर दिया जाएगा। लधु सचिवालय से लेकर धांगड़ पुल तक वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। इसी तरह रतिया, सिरसा व भूना रोड पर बने पुल के पास बेरिकेट्स लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने सेक्टर 3 के मोड व मिनी बाइपास पर जगह जगह बेरिकेट्स लगाए है ताकि किसान पुलिस लाइन तक न पहुंच सके।

मुख्यातिथि आएंगे तो बढ़ेगा विवाद

किसान संगठनों का कहना है कि वे स्वतंत्रता दिवस का विरोध नहीं है। यदि राजनेता कार्यक्रम में मुख्यातिथि बनकर झंडा फहराएंगे तो विरोध करेंगे। किसान नेता राजविंद्र चहल, दरिया सिंह पूनिया, तेजेंद्र औजला, जरनैल सिंह चहल व प्रीतपाल सिंह व गुरनाम सिंह सालमखेड़ा का कहना जब संयुक्त किसान मोर्चा ने आहवान कर रखा कि जब तक किसान आंदोलन चलता है और किसानों की मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक सत्ताधारी पार्टी कोई नेता या सहयोगी सावर्जनिक कार्यक्रम हिस्सा न बने। फिर भी हठधर्मिता दिखाते हुए सत्ताधारी पार्टी के नेता कार्यक्रम कर रहे है। इससे किसानों में आक्रोश है। किसान हर हाल में सत्ताधारी नेता का विरोध करेंगे। वे स्वतंत्रता दिवस का विरोध नहीं कर रहे है। किसानों का कहना है कि वे पहले हिसार सिरसा बाइपास पर एकत्रित होंगे। इसके बाद पुलिस लाइन में पहुंचेंगे।

ये होंगे कार्यक्रम :

समय                    कार्यक्रम

सुबह 8 : 45          लघु सचिवालय के बाहर  शहीद स्मारक पर मुख्यातिथि का आगमन

सुबह 8 : 58          पुलिस लाइन में मुख्यातिथि का स्वागत

सुबह 9 : 00          ध्वजारोहण तथा राष्ट्रीय धुन

सुबह 9 : 05          परेड़ का निरीक्षण

सुबह 9 : 15          मुख्यातिथि का संदेश

सुबह 9 : 25          मार्च पास्ट

सुबह 9 : 35          सांस्कृतिक कार्यक्रम

सुबह 9 : 55           प्रशंसा पत्र व पारितोषिक वितरण

सुबह 10 : 10         राष्ट्रीय गान

कार्यक्रम की तैयारी पूरी : उपायुक्त

डीसी महावीर कौशिक ने कहा कि सबसे पहले वह आमजन को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनां देते हैं। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह शहीद स्मारक से होगी। इसके बाद पुलिस लाइन में झंडा फहराया जाएगा।

सुरक्षा के लिए लगा दिए बैरिकेड्स : एसपी

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर तैयारी पूरी है। आंदोलन को देखते हुए उन्होंने कई जगह का निरीक्षण किया। वहीं सुरक्षा को देखते हुए कई जगह बैरिकेड्स लगा दिए हैं। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी लगाए गए हैं।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी