Amit Shah: कुरुक्षेत्र में BJP बनाएगी 2024 का रण जीतने की 'रणनीति', शाह देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

हरियाणा में विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election 2024) को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां जोरों से शुरू कर दी है। इसको लेकर 29 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) कुरुक्षेत्र में 2024 विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति बनाएंगे। इसके लिए हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में करीब ढाई हजार प्रमुख नेताओं से चर्चा होगी और उन्हें जीत का मंत्र दिया जाएगा।

By Anurag Aggarwa Edited By: Deepak Saxena Publish:Tue, 25 Jun 2024 05:55 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jun 2024 05:55 PM (IST)
Amit Shah: कुरुक्षेत्र में BJP बनाएगी 2024 का रण जीतने की 'रणनीति', शाह देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र
कुरुक्षेत्र में अमित शाह कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश (फाइल फोटो)।

HighLights

  • कुरुक्षेत्र में 29 जून को शिरकत करेंगे गृहमंत्री अमित शाह
  • अमित शाह देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र
  • मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 27 जून को बुलाई विधायक दल की बैठक

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा में लगातार बैठकों का दौर चालू हो गया है। नई दिल्ली, पंचकूला और रोहतक के बाद अब भाजपा कुरुक्षेत्र में चंडीगढ़ में दो बड़ी बैठकें करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए 29 जून को हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं।

गृहमंत्री अमित शाह इस दिन धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। इस बैठक में भाजपा के करीब ढ़ाई हजार पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27 जून को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक बुला ली है, जिससे 29 जून की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।

26 जून को नई दिल्ली जाएंगे सीएम नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी 26 जून बुधवार को नई दिल्ली जाएंगे और वहां पार्टी के प्रमुख नेताओं से उनकी मुलाकात होगी। अगले दिन 27 जून को चंडीगढ़ में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक है, जिसका समय बदलकर दोपहर दो बजे कर दिया गया है। इसी दिन शाम को पांच बजे भाजपा विधायक दल के साथ मीटिंग होगी। भाजपा की इन बैठकों व सरकार व संगठन की भागदौड़ को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

29 जून को कुरुक्षेत्र में मौजूद रहेंगे अमित शाह

भाजपा की 29 जून को कुरुक्षेत्र में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं मौजूद रहेंगे और कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनाव का जोश भरेंगे। राज्य में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से पांच सीटें ही जीत पाई है, जबकि पांच पर कांग्रेस की जीत हुई है।

ये भी पढ़ें: Hisar Crime News: लव मैरिज की खौफनाक सजा... पार्क में बुलाकर पति-पत्नी को गोलियों से भूना, भाई-चाचा समेत 11 पर केस दर्ज

पांच सीटों पर हार के कारणों का हो चुका मंथन

भाजपा रोहतक में विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में पूरा दिन बैठकें कर चुकी है। इस बैठक से पहले नई दिल्ली में धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हरियाणा के प्रमुख भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी। लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा द्वारा आधा दर्जन बार बैठकों का आयोजन कर पांच सीटों पर हार के कारणों का मंथन किया जा चुका है। हार से सबक लेते हुए अब भाजपा विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

कुरुक्षेत्र में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला तथा पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा मौजूद रहेंगे।

90 दिन का रोडमैप तैयार करेंगे तैयार

भाजपा ने इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों, सांसदों तथा मंत्रियों को शामिल होने के लिए कहा है। भाजपा के सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मंडल स्तर के पदाधिकारी इस बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा तीन माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव बताया गया है। बैठक के पहले चरण में सभी विधायक, मंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी अपना-अपना फीडबैक व सुझाव देंगे। इसके बाद दूसरे सत्र में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कार्यकर्ताओं को 90 दिन का रोडमैप दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Haryana News: हरियाणा में भर्तियों पर गरमाई राजनीति, नायब सरकार पर हुड्डा और सुरजेवाला ने लगाए ये आरोप

chat bot
आपका साथी