हादसे से बाल-बाल बची धनबाद-पटना इंटरसिटी, पहिए से अचानक निकलने लगा धुआं, यात्रियों में अफरा-तफरी

धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। ट्रेन के पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग शोर मचाते हुए ट्रेन से नीचे उतरने लगे। यह घटना जामताड़ा स्टेशन के पास हुई जहां घटना के कारण ट्रेन को काफी देर तक रोका गया। । घटना का कारण ब्रेक बाइंडिंग बताया गया।

By Tapas Banerjee Edited By: Arijita Sen Publish:Mon, 18 Mar 2024 12:16 PM (IST) Updated:Mon, 18 Mar 2024 12:16 PM (IST)
हादसे से बाल-बाल बची धनबाद-पटना इंटरसिटी, पहिए से अचानक निकलने लगा धुआं, यात्रियों में अफरा-तफरी
धनबाद-पटना इंटरसिटी के पहिए से निकला धुआं, यात्रियों में अफरा-तफरी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद से पटना जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहिए से धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जामताड़ा स्टेशन के पास हुई घटना के कारण ट्रेन को काफी देर तक रोका गया। स्थानीय रेल कर्मचारियों ने प्रभावित पहिए की जांच की। दो बार ट्रेन चला कर देखा गया। सबकुछ सामान्य पाए जाने पर ट्रेन पटना के लिए रवाना हुई।

शोर मचाते हुए ट्रेन से नीचे उतरे यात्री

आसनसोल रेल मंडल में ट्रैफिक ब्लाॅक के कारण सुबह 8:05 बजे के बदले रविवार को धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस दिन के 11:05 बजे रवाना हुई। चित्तरंजन स्टेशन से खुलते ही यात्रियों की नजर ट्रेन के पहिए पर पड़ी, जहां से धुआं निकल रहा था। जामताड़ा पहुंच कर जैसे ही ट्रेन रुकी यात्री शोर मचाते हुए नीचे उतरने लगे।

घटना के पीछे की यह है वजह

कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारी पहुंचे और प्रभावित हिस्से को दुरुस्त किया। घटना का कारण ब्रेक बाइंडिंग बताया गया। इस घटना के कारण पहले से लेट चल रही ट्रेन लगभग छह घंटे विलंब से रात के तकरीबन 11 बजे पटना पहुंची।

दूसरी ओर, ट्रैफिक ब्लाॅक के कारण पटना से धनबाद आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम के बदले लगभग नौ घंटे देर से रात 12 बजे के बाद धनबाद पहुंची। रक्सौल-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस भी लगभग छह घंटे विलंब से रात 10 बजे धनबाद आई।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: इन दिग्‍गजों का कटेगा पत्ता, हेमंत सोरेन जेल से ही ठोकेंगे ताल; इस सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

यह भी पढ़ें: होली पर बिहार-यूपी जाने वालों के लिए खुशखबरी! धनबाद होकर चलाई जाएंगी चार स्‍पेशल ट्रेनें; देखें टाइम टेबल

chat bot
आपका साथी