जमशेदपुर: कानपुर पुलिस ने आर्म्‍स विक्रेता के पुत्र को किया गिरफ्तार, हत्या के प्रयास, लूट-अपहरण का है मामला

Jamshedpur News उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कोहना थाना की पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना की पुलिस के सहयोग से बिष्टुपुर से सोनारी आशियाना निवासी सिमरपाल सिंह को हत्या के प्रयास लूट और अपहरण करने के मामले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

By Anwesh AmbashthaEdited By:
Updated: Sat, 25 Mar 2023 11:46 PM (IST)
जमशेदपुर: कानपुर पुलिस ने आर्म्‍स विक्रेता के पुत्र को किया गिरफ्तार, हत्या के प्रयास, लूट-अपहरण का है मामला
कानपुर पुलिस ने बंदूक विक्रेता के पुत्र को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कोहना थाना की पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना की पुलिस के सहयोग से बिष्टुपुर से सोनारी आशियाना निवासी सिमरपाल सिंह को हत्या के प्रयास, लूट और अपहरण करने के मामले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित के पिता कमलजीत सिंह की बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित रीगल बिल्डिंग में एटी डा एंड कंपनी नामक दुकान है। दुकान में लाइसेंस के एवज में आग्नेयास्त्र की बिक्री होती है। इसके साथ ही लाइसेंसी हथियार को किराए पर रखा जाता है।

कानपुर के कोहना थाना के सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि कमलजीत सिंह और उनके पुत्र सिमरपाल सिंह के विरुद्ध दर्शन सिंह ने कोहना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इस मामले में पिता-पुत्र दोनों के विरुद्ध गिरफ्तारी का वारंट कानपुर न्यायालय से तीन मार्च, 2023 को जारी हुआ था। आरोपित को एटी डा एंड कंपनी नामक दुकान से गिरफ्तार किया गया।

एमजीएम अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई। तबीयत खराब होने की आरोपित ने चिकित्सक को जानकारी दी। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ले जाने के लिए जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय ने आरोपित की तबीयत खराब होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराने को कहा गया। न्यायालय के आदेश पर उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की जाएगी। आरोपितों के विरुद्ध और भी मामले दर्ज हो सकते हैं।

कोहना थाना में दर्शन सिंह ने आरोपितों के विरुद्ध अपहरण कर हत्या का प्रयास करने, लूट करने, मारपीट करने, गाली-गलौज करने और धमकी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इधर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि आरोपित के पिता कमलजीत सिंह पर भी गिरफ्तारी का वारंट है। वृद्ध होने और तबीयत खराब होने के कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई।