VIDEO : कोर्ट में पेश किए गए मंत्री आलमगीर आलम, ED को मिली छह दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की अनुमति

Alamgir Alam झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम छह दिनों के लिए ईडी की रिमांड पर लिए गए हैं। उन्‍हें आज रांची स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान जांच एजेंसी ने उन्‍हें रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट से आग्रह किया जिसकी इजाजत मिल गई। टेंडर कमीशन घोटाले में उन्‍हें बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen Publish:Thu, 16 May 2024 12:45 PM (IST) Updated:Thu, 16 May 2024 01:04 PM (IST)
VIDEO : कोर्ट में पेश किए गए मंत्री आलमगीर आलम, ED को मिली छह दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की अनुमति
ईडी की रिमांड पर लिए गए आलमगीर आलम।

HighLights

  • आलमगीर की गिरफ्तारी को लेकर चढ़ा सियासी पारा
  • राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग हुई तेज
  • आलमगीर की गिरफ्तारी को कांग्रेस ने दिया भाजपा का षड़यंत्र करार

राज्‍य ब्‍यूरो, रांची। Alamgir Alam Arrested : झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम (Alamgir Alam) आज रांची स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किए गए। उन्‍हें ईडी ने टेंडर कमीशन घोटाले (tender commission scam) में बुधवार को गिरफ्तार किया था।

ईडी (ED) उन्हें रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट से आग्रह किया, जिसके बाद जांच एजेंसी को पूछताछ के लिए मंत्री को छह दिन रिमांड पर लेने की अनुमति मिल गई है। ईडी ने दस दिनों का रिमांड मांगा था, लेकिन छह दिन की इजाजत मिली। 

pic.twitter.com/ulT7FzVTaY

— Arijita Sen (@ArijitaSen2) May 16, 2024

आलमगीर की गिरफ्तारी भाजपा का षड़यंत्र: कांग्रेस

इधर आलमगीर की गिरफ्तारी पर प्रदेश में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा (BJP) ने इसे लेकर कांग्रेस (Congress) और उसके सहयोगी दलों को कटघरे में खड़ा किया है तो इस धड़े ने गिरफ्तारी को भाजपा का षड्यंत्र करार दिया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि भ्रष्टाचार और लूट की सजा भुगतनी पड़ेगी। यह तो अभी शुरूआत है। जबकि कांग्रेस का दावा है कि भाजपा के नेता लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए बौखला गए हैं। बिना किसी प्रमाण के मंत्री आलमगीर आलम को गिरफ्तार किया गया है।

सजा तो भुगतनी पड़ेगी लूट-भ्रष्टाचार की : बाबूलाल मरांडी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लूट और भ्रष्टाचार की सजा भुगतनी ही पड़ेगी। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी, पोषक और संरक्षक है।

कांग्रेस राज्य में जब-जब सत्ता में शामिल आई, लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ईडी की कार्रवाई से काले कारनामों की परत खुल रही है। लूट के खजाने मिल रहे है। केंद्रीय जांच एजेंसियां जनता की गाढ़ी कमाई को वसूलने की कार्रवाई कर रही है।

दीपक प्रकाश बोले, पूरी कैबिनेट की पोल खुलना बाकी

भाजपा के राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा है कि भ्रष्टाचार के आरोप में हेमंत सोरेन (Hemant Soren) पहले से ही जेल में हैं। ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को ईडी ने गिरफ्तार किया है। अभी तो यह शुरुआत है। पूरे कैबिनेट की पोल खुलना बाकी है।

प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि देश में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार करने वाले सलाखों के पीछे होंगे। कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। भाजपा का आरोप उजागर हो रहा है। सेवा के लिए गठबंधन को सत्ता मिली, लेकिन सरकार अपनी तिजोरी भरने में लगी है।

आवाज उठाने वाले को जेल : कांग्रेस

कांग्रेस का कहना है कि दुराचारी और दुष्कर्म के आरोपी रेवन्ना को भाजपा सम्मान दे रही है। प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि ईडी के शिकंजे में रहने के बाद भी विष्णु अग्रवाल केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर रहे हैं।

बिना साक्ष्य के मंत्री को गिरफ्तार किया जा रहा है। जो लोग महंगाई और बेरोजगारी पर सवाल उठा रहे हैं। उन्हें ईडी गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के साथ ऐसा ही हुआ है। प्रधानमंत्री चार चरणों के चुनाव के बाद घबरा गए हैं। राज्य में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा।

कुछ भी संभव, सुबह जरूर होगी

झामुमो मंत्री आलमगीर आलम की गिरफ्तारी पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि दिल्ली में तानाशाही सरकार का राज है। इसमें कुछ भी हो सकता है। इस अंधेरी रात की सुबह जरूर होगी।

चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे तो भाजपा सरकार की विदाई होगी। इसी के साथ काली रात की भी विदाई होगी। लोक कल्याणकारी सरकार केंद्र में बनेगी।

ये भी पढ़ें:

झारखंड विधानसभा नियुक्ति घोटाला : कोर्ट में सौंपी गई अब तक मामले में हुई कार्यवाही की सील बंद रिपोर्ट

इस्‍तीफा मांगे या इंतजार करे... आलमगीर की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस के सामने एक और बड़ी समस्‍या, फैसले पर टिकी सबकी नजर

chat bot
आपका साथी