कोहरे की 'लैंडिंग' से रांची में दस-दस घंटे लेट चल रही हैं ट्रेनें, फ्लाट्स की सेवाएं भी प्रभावित, यात्री नाराज

घने कोहरे की वजह से एक तरफ जहां ट्रेनें लेट हैं वहीं विमानों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। हालांकि ट्रेन के लेट होने की खबर यात्रियों को एसएमएस के जरिए दी जा रही है लेकिन फ्लाइट्स के मामले में ऐसा न होने की वजह से यात्रियों में नाराजगी है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 22 Dec 2022 11:01 AM (IST) Updated:Thu, 22 Dec 2022 11:01 AM (IST)
कोहरे की 'लैंडिंग' से रांची में दस-दस घंटे लेट चल रही हैं ट्रेनें, फ्लाट्स की सेवाएं भी प्रभावित, यात्री नाराज
रांची में कोहरे की वजह से ट्रेनें और फ्लाइट्स की सेवाएं प्रभावित

जासं, रांची। उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण विमान सेवा और ट्रेनों के परिचालन पर व्यापक असर पड़ रहा है। दिल्ली से रांची आने वाली कई फ्लाइटें और ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। लो विजिबिलिटी के कारण सुबह 8.15 बजे पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट सुबह 9.07 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके बाद फ्लाइट ने 9.48 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। एयर एशिया विमान भी 4 घंटे विलंब से पहुंची। सुबह 10.05 बजे विमान को पहुंचना था, लेकिन दोपहर 2.15 पर पहुंचा। फिर दोपहर 2.58 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इंडिगो का एक और विमान जो दोपहर 2.40 बजे पहुंचने वाला था, वह 4.40 बजे रांची एयरपोर्ट पर पहुंचा।

विमानों की देरी से यात्रियों में नाराजगी

वहीं, यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिलने के कारण पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। यात्रियों को चार घंटे तक एयरपोर्ट पर ही विमान की प्रतीक्षा करनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि रांची एयरपोर्ट से रोजाना 26 विमान उड़ान भर रहे हैं। हालांकि बुधवार को अन्य शहरों से उड़ान भरने वाले विमान समय पर रहे।

झारखंड का घटता तापमान

मालूम हो कि प्रदेश की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। देर रात कंपकंपी का असर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से प्राप्त जानकारी अनुसार इस सप्ताह राजधानी समेत आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान में बदलाव हो सकता है। 24 व 25 दिसंबर को राजधानी समेत आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। जिसके बाद कंपकंपी बढ़ेगी।

अभी नहीं है मौसम में बड़े बदलाव के आसार

हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान की माने तो आने वाले दिनों तापमान में वृद्धि हो सकती है। केंद्र के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार के बड़े मौसमी बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन राजधानी के अलावा आसपास के जिलों में इस सप्ताह तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। केंद्र के मुताबिक आने वाले दिनों में रांची के तापमान में 2-3 डिग्री तक की वृद्धि होगी। साथ ही आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की भी संभावना है। देर रात से लेकर अहले सुबह तक कोहरा व धुंध का असर देखने को मिलेगा।

धुंध से प्रभावित हुईं ट्रेनों की सेवाएं

इधर, कोहरे के कारण ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। दिल्ली से रांची आने वाली दिल्ली-रांची गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 10 घंटे विलंब से पहुंची। घना कोहरा होने के कारण अन्य कई ट्रेनों के लिंक रेक विलंब से पहुंच रहे हैं। हालांकि, विलंब से पहुंचने की सूचना या रीशेड्यूल की जानकारी यात्रियों को उन्हें एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है। ट्रेनें देर से चलने के कारण 18623 इस्लामपुर-हटिया के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया। बुधवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 19.15 बजे के स्थान पर 2 घंटे 15 मिनट विलंब से यानी 21.30 बजे इस्लामपुर से प्रस्थान किया।

आज ऐसा रहेगा मौसम

आज राजधानी में आसमान साफ रहेगा एवं मौसम शुष्क बना रहेगा। इसी दौरान रांची समेत आसपास क्षेत्र में भी ठंड का असर देखने को मिलेगा। सुबह में कोहरे या धुंध और बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं। 

ठंड ने रांची में बढ़ाई बेघरों की मुश्‍किलें, फुटपाथ पर कांपते हुए सोने को हैं मजबूर, रैन बसेरा का भी हाल बेहाल

रेलवे ने किया शक्तिपुंज एक्सप्रेस के रूट में बदलाव, घने कोहरे के कारण दस घंटे से भी ज्यादा लेट हैं ये ट्रेनें

chat bot
आपका साथी