Health Tips: क्या सीधे आंच पर रोटी पकाने से सेहत को पहुंच सकता है नुकसान? जानें क्या कहती है नई स्टडी

Health Tips रोटी हम सभी के खाने का जरूरी हिस्सा है। इसे बनाना आसान है और यह सभी तरह के पकवानों के साथ स्वादिष्ट भी लगती है। इसे जल्दी बनाने के लिए लोग सीधे आंच पर इसे सेकते हैं लेकिन इसके नुकसान भी हो सकते हैं।

By Ruhee ParvezEdited By:
Updated: Fri, 31 Mar 2023 01:00 PM (IST)
Health Tips: क्या सीधे आंच पर रोटी पकाने से सेहत को पहुंच सकता है नुकसान? जानें क्या कहती है नई स्टडी
Health Tips: रोटी को सीधे आंच पर पकाने को लेकर हुई नई रिसर्च

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Health Tips: रोटी या चपाती भारतीय खाने का अहम हिस्सा है, जिसे लगभग सभी मील्स में जरूर खाया जाता है। रोटी को आमतौर पर तवे पर कुछ देर सेका जाता है और फिर सीधे चूल्हे की आंच पर चिमटे की मदद से पूरी तरह से पकाया जाता है। ऐसी कुछ रिसर्च हैं, जो बताती हैं कि तेज आंच पर खाना पकाने के तरीके से हेट्रोसाइक्लिक अमाइन्स (HCAs) और पॉलीसाइक्लिक अरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) का उत्पादन होता है, जो जाने माने कार्सीनोजन्स हैं। आइए जानें कि नई रिसर्च रोटी पकाने के इस तरीके के बारे में क्या कहती है।

रोटी पर हुआ नया शोध

पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी जर्नल में प्रकाशित हुई यह नई रिसर्च के अनुसार, नैचुरल गैस चूल्हा और गैस स्टोव्ज से कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और सूक्ष्म कण पदार्थ निकलते हैं, जिन्हें WHO सेहत के लिए सुरक्षित नहीं मानता। यह सभी पॉल्यूटेंट्स श्वसन और दिल से जुड़ी बीमारियों के साथ कई तरह के कैंसर की वजह भी बनते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, न्यूट्रीशन एंड कैंसर जर्नल में प्रकाशित हुई एक दूसरी स्टडी बताती है कि तेज आंच पर खाना पकाने से कार्सीनोजन्स प्रोड्यूस होते हैं। इसलिए हमें चपाती को सीधे गैस की आंच पर पकाने के बारे में सोचना होगा।

तवे पर बनने वाली रोटी

रोटी को पकाते वक्त कई लोग तवे पर रखी रोटी को किसी कपड़े से दबाते हैं, इससे रोटी सभी तरफ से पक जाती है और इसे सीधे गैस की आंच पर भी नहीं रखना पड़ता। हालांकि, जब से चिमटा आया है, तब से लोग आंधी रोटी तवे पर पकाते हैं और बाकी को सीधे आंच पर सेकते हैं। इससे रोटी जल्दी भी बन जाती है।

रोटी को सीधे आंच पर सेकना

फूड स्टैन्डर्ड्स ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के चीफ वैज्ञानिक, डॉ. पॉल ब्रेंट द्वारा साल 2011 में प्रकाशित हुई रिपोर्ट के मुताबिक, जब ब्रेड गैस की आंच के संपर्क में आती है, तो इससे एक्रिलामाइड नामक एक रसायन का उत्पादन होता है, जो खाना पकाने की प्रक्रिया के दौरान चीनी और कुछ अमीनो एसिड्स को एक साथ गर्म करने पर उत्पन्न होता है। हालांकि, यह रिपोर्ट जले हुए टोस्ट पर आधारित थी, लेकिन गेंहू के आटे में भी प्राकृतिक चीनी और प्रोटीन का कुछ स्तर होता है, जो गर्म होने पर कार्सीनोजेनिक केमिकल का उत्पादन करता है, जिसका सेवन करना सेहत के लिए सुरक्षित नहीं है।

तो क्या सीधे आंच पर नहीं पकानी चाहिए रोटी?

अगर हम हाल ही में हुई रिसर्च को देखें, तो चपाती को सीधे आंच पर सेक कर खाना सुरक्षित नहीं देखा जा रहा है। हालांकि, इसके खतरों को गहराई से जानने के लिए कुछ और स्टडीज की जरूरत है।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।Picture Courtesy: Freepik/Instagram