Karnataka: मंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं पर चाकू से हमला, विजय जुलूस में नारेबाजी के दौरान हुआ विवाद

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले स्थित मेंगलुरु में राजग सरकार का विजय जुलूस निकाले जाने के दौरान दो भाजपा कार्यकर्ताओं को चाकू मार दिया गया। कर्नाटक भाजपा ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा ऐसा लगता है कि कर्नाटक में तुगलक का युग लौट आया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के हुजूम वाले जुलूस पर हमला तब किया गया जब वह एक मस्जिद के सामने से गुजरा।

By AgencyEdited By: Nidhi Avinash
Updated: Mon, 10 Jun 2024 11:45 PM (IST)
Karnataka: मंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं पर चाकू से हमला, विजय जुलूस में नारेबाजी के दौरान हुआ विवाद
मंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं पर चाकू से हमला (Image: Jagran)

आइएएनएस, बेंगलुरु। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले स्थित मेंगलुरु में राजग सरकार का विजय जुलूस निकाले जाने के दौरान दो भाजपा कार्यकर्ताओं को चाकू मार दिया गया। मारपीट की घटना को भी जुलूस के पीछे चल रहे 20-25 मोटरबाइक सवारों ने अंजाम दिया। सांप्रदायिक रूप से संवदेनशील इस तटीय जिले में इस घटना के बाद तनाव का माहौल हो गया है।

कर्नाटक भाजपा ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, 'ऐसा लगता है कि कर्नाटक में तुगलक का युग लौट आया है। बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के हुजूम वाले जुलूस पर हमला तब किया गया जब वह एक मस्जिद के सामने से गुजरा।

'भारत माता की जय' के लगाए नारे

मेंगलुरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया कि रविवार को मस्जिद के पास से गुजरते हुए जुलूस के लोगों ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। इसलिए यह हमला किया गया। आरोपितों की पहचान करके मो.शाकिर, अब्दुल रजाक, अबूबकर सिद्दीकी, सवाद और मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घायल दोनों पीड़ितों की पहचान 41 वर्षीय हरीश अनचन और 24 वर्षीय नंदकुमार के रूप में हुई है और यह दोनों ही नजदीकी कस्बे बोलियारु के निवासी हैं। यह लोग जब सड़क किनारे खड़े होकर जुलूस देख रहे थे तभी जुलूस के पीछे चल रहे दो दर्जन बाइक सवारों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

खतरे से बाहर दोनों लोग

इन दोनों का इलाज डेरलकट्टे के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इनमें से एक का ऑपरेशन भी किया गया। दोनों ही खतरे से बाहर हैं। मारपीट का शिकार हुए इनोली के कृष्णकुमार ने बताया कि जैसे ही जुलूस बोलियारु में स्थित एक मस्जिद के सामने से गुजरा तो बाइक पर सवार लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ता अस्पताल में पीड़ितों को देखने गए और घटना की निंदा की है।

कर्नाटक भाजपा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कर्नाटक में अब भारत माता की जय बोलना भी सुरक्षित नहीं रहा है। भारत के प्रति बढ़ती नफरत बहुत ही घातक है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के शपथग्रहण की खुशी में भारत माता की जय बोलने पर अबूबकर, बशीर, सिद्दीकी, मोनू और बीस अन्य लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया है।

यह भी पढ़ें: गांवों और शहरों में बनेंगे तीन करोड़ नए घर, PM Modi की अध्यक्षता में तीसरे कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक में लिया फैसला

यह भी पढ़ें: Modi 3.0: Top 4 मंत्रालय में कोई परिवर्तन नहीं, शिवराज को कृषि, मनोहर लाल को ऊर्जा; किसे मिला कौन-सा मंत्रालय