दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में गर्मी ने तोड़ा कई सालों का रिकॉर्ड, 47 डिग्री के पार हुआ तापमान; जानें कब मिलेगी राहत

देश की राजधानी दिल्ली का हाल गर्मी से बेहाल होना शुरू हो गया है। दिल्ली से सटे नोएडा गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान 46-47 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। रविवार (19 मई) को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश दिल्ली राजस्थान हरियाणा जैसे राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

By Jagran NewsEdited By: Siddharth Chaurasiya
Updated: Sun, 19 May 2024 03:58 PM (IST)
दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में गर्मी ने तोड़ा कई सालों का रिकॉर्ड, 47 डिग्री के पार हुआ तापमान; जानें कब मिलेगी राहत
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा जैसे राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली का हाल गर्मी से बेहाल होना शुरू हो गया है। दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान 46-47 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। रविवार (19 मई) को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है।

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा जैसे राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बढ़ते तापमान के बीच नोएडा के स्कूल भी गर्मी की छुट्टियों के लिए बंद कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने शनिवार को परिषदीय स्कूलों में करीब 1 महीने के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।

गर्मी ने तोड़ा 80 साल का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के अनुसार, मई के महीने में दिल्ली के सफदरजंग में वर्ष 1944 में अब तक का सबसे अधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में 80 साल के बाद यह पहला मौका है जब नजफगढ़ में तापमान 47 डिग्री को पार कर गया। नोएडा में भी अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें: Monsoon Update: गर्मी से जल्द मिलने वाली है राहत, मौसम विभाग ने दी खुशखबरी; बताया कहां तक पहुंचा मानसून

Heatwave to severe heatwave conditions very likely in many pockets of Punjab, Haryana-Chandigarh-Delhi and few pockets of Uttar Pradesh. Heatwave conditions very likely in many/few/isolated pockets of Rajasthan, Himachal Pradesh, Uttarakhand, Madhya Pradesh, Gangetic West Bengal pic.twitter.com/hfiLhVhkUL

— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 19, 2024

इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इन राज्यों में 22 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

कई जगहों पर पारा 45 के पार

आईएमडी के वरिष्ठ साइंटिस्ट आरके जेनामणी के अनुसार अर्बन स्टेशन के तौर पर दिल्ली का नजफगढ़ सबसे अधिक गर्म रहा। यहां का तापमान 47.4 डिग्री रहा। राजधानी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

पालम का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री, रिज का 45 डिग्री, आया नगर का 46.2 डिग्री, जाफरपुर का 45.9 डिग्री, मंगेशपुर का 46.5 डिग्री, नजफगढ़ का 47.4 डिग्री, नोएडा का 45.2 डिग्री, पीतमपुरा का 45.8 डिग्री, पूसा का 45.9 डिग्री रहा। वहीं नजफगढ़ का न्यूनतम तापमान भी 30.3 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 21 से 66 प्रतिशत रहा।

यह भी पढ़ें: Weather Update: दिल्ली-UP में भीषण गर्मी तो इन राज्यों में बारिश देगी राहत, पढ़ें आपके शहर में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में इस बार पड़ेगी भीषण गर्मी!

मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को भीषण गर्मी से तत्काल राहत की कोई संभावना नहीं जताई है। आईएमडी ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा कि तापमान 28 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मौजूदा स्थिति अगले सप्ताह तक बनी रहेगी।

आईएमडी ने कहा, "आम तौर पर मई को सबसे गर्म महीना माना जाता है। यदि उत्तर भारत में बारिश की संभावना नहीं बनती है तो तापमान सामान्य रूप से 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाता है। अनुमान है कि यह स्थिति अगले सप्ताह तक बनी रहेगी। यानी कि अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई बदलाव नहीं देखा जाएगा। हमने राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 3-4 दिनों तक यूपी में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। हमने क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने शनिवार को कहा कि इस बीच, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक की भीषण गर्मी देखी गई। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुजरात के सुरेंद्रनगर और दीसा में भी शनिवार को तापमान 45 से 45.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी चढ़ा पारा

राजस्थान के बीकानेर में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रविवार को यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के 4 शहरों - बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, पिलानी में तापमान 46 डिग्री पार कर गया है। इन सभी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी है।