ओडिशा में घातक 'गजराज': हमले की अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत, घर में घुसकर बच्ची को कुचला; लोगों की बीच दहशत

ओडिशा में हाथियों के हमले से मौत का सिलसिला जारी है। राज्य के बालासोर नयागढ़ और खोर्धा में शुक्रवार और शनिवार को हाथियों के हमले से बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों के बीच दहशत है।

By Jagran NewsEdited By:
Updated: Sat, 27 May 2023 10:47 AM (IST)
ओडिशा में घातक 'गजराज': हमले की अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत, घर में घुसकर बच्ची को कुचला; लोगों की बीच दहशत
ओडिशा में हाथियों के हमले की तीन अलग-अलग घटनाओं में बच्ची सहित तीन की मौत। प्रतीकात्मक तस्वीर

अनुगुल (ओडिशा), संतोष कुमार पांडेय। ओडिशा में जंगल से सटे इलाकों में हाथियों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार और शनिवार को बालासोर, नयागढ़ और खोर्धा जिलों में हाथियों के हमले की तीन अलग-अलग घटनाओं में बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

पहली घटना खोर्धा जिले की है। यहां शनिवार की सुबह नाटीमा गांव निवासी सत्या बेहरा साइकिल से कामगुरु गांव जा रहे थे। इसी दौरान एक हाथी ने उनपर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सत्या बेहरा मजदूर थे।

घटना के वक्त सत्या बेहरा के साथ दो अन्य लोग भी थे। तीनों काम पर जा रहे थे। दोनों ने किसी तरह भागकर हाथी से अपनी जान बचाई। हालांकि, बेहरा पर हाथी ने हमला कर दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी घटना बालासोर जिले के सिंगाखुंटा इलाके की है। यहां सरलिया चित्रसूल गांव में शुक्रवार की रात निशिकांत देउरी अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इसी बीच एक हाथी घर में घुस गया। परिवार के सभी सदस्यों ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई।

हालांकि, निशिकांत देउरी की आठ साल की बच्ची परी घर में रह गई और हाथी ने उसे कुचल दिया। बच्ची को गंभीर हालत में सोरो अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसी तरह नयागढ़ जिले के रानपुर क्षेत्र के कामगुरा-मयूरझलिया मार्ग पर एक हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। घटना के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल है।