CM भगवंत मान का होशियारपुर का दौरा: किश्ती पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने किश्ती में सवार होकर होशियारपुर ज़िले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लेकर जाने को यकीनी बनाने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। भगवंत मान ने कहा कि सरकार के लिए हरेक नागरिक की ज़िंदगी बहुत अनमोल है और लोगों को इस मुश्किल घड़ी में से निकालने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

By hazari lalEdited By: Publish:Thu, 17 Aug 2023 09:04 PM (IST) Updated:Thu, 17 Aug 2023 09:04 PM (IST)
CM भगवंत मान का होशियारपुर का दौरा: किश्ती पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
CM भगवंत मान ने होशियारपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा : जागरण

होशियारपुर, जागरण संवाददाता: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ज़मीनी स्तर पर स्थिति का जायज़ा लेने के लिए स्वयं किश्ती में सवार होकर होशियारपुर ज़िले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

एन. डी. आर. एफ. के जवानों के साथ किश्ती में सवार होकर मुख्यमंत्री गाँव रड़ा व फत्ता कुल्ला गए और उसके बाद गाँव हलेड़ जनार्दन का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित स्थानों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लेकर जाने को यकीनी बनाने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार के लिए हरेक नागरिक की ज़िंदगी बहुत अनमोल है और लोगों को इस मुश्किल घड़ी में से निकालने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

इसके बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर सहित समूची मशीनरी लोगों की मदद में है। उन्होंने कहा कि चाहे राज्य में बारिश नहीं पड़ी परन्तु पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश पड़ने के कारण पंजाब के इन इलाकों में बाढ़ आयी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ताज़ा स्थिति का पता लगाने के लिए वह हिमाचल प्रदेश सरकार और भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के साथ लगातार संबंध रख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पौंग डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने के कारण यह ज़िला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि चाहे पौंग डैम खतरे के निशान से छह फुट ऊपर है परन्तु फिर भी चिंता वाली कोई बात नहीं है क्योंकि पहले यह खतरे के स्तर से 10 फुट से ऊपर था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए डैम से कंट्रोल ढंग के साथ पानी छोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाखड़ा डैम में पानी खतरे के निशान से नीचे है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में लोगों को राहत देने के लिए हर संभव यत्न किये जा रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने यह भी कहा कि राज्य के लोगों में संकट के समय का मुकाबला करने का अद्वितीय जज़्बा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग इस मुश्किल घड़ी में एक दूसरे के साथ प्यार और मेल-मिलाप की विलक्षण भावना व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग मिशनरी भावना के साथ एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं जिससे भाईचारक सांझ की जड़े और मज़बूत हो रही हैं। भगवंत सिंह मान ने इस नेक प्रयास के लिए लोगों की सराहना करते हुये कहा कि इसने साबित कर दिया है कि लोग महान गुरूओं, संतों- महात्माओं और पीर- पैगंबरों की तरफ से दिखाऐ मार्ग पर चलते हुये दुखी लोगों की सेवा करते हैं।

फंड का उचित प्रयोग करने के लिए वचनबद्ध है सरकार

मुख्यमंत्री ने उन परोपकारी लोगों की भी सराहना की जो ‘मुख्यमंत्री राहत फंड’ में खुले दिल से योगदान डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रशासन के साथ-साथ कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जहाँ हर ओर से मदद मिल रही है, वहीं राज्य सरकार लोगों की भलाई के लिए इन फंड का उचित प्रयोग करने के लिए वचनबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में बाढ़ के कारण लोगों के हुए नुकसान का पता लगाने के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी के हुक्म दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को हिदायत की गई है कि विशेष गिरदावरी निष्पक्ष ढंग के साथ की जाये जिससे पीड़ित लोगों को हुए नुकसान की भरपायी की जा सके। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार लोगों को मुआवज़ा ज़रूर देगी चाहे उनकी मुर्ग़ी या बकरी का नुकसान हुआ हो।

बाढ़ के दौरान हुए नुकसान का मुआवज़ा देगी सरकार

भगवंत सिंह मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान लोगों के हुए एक-एक पैसे के नुकसान का मुआवज़ा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि राज्य सरकार लोगों को राहत देने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे पानी के स्तर सम्बन्धी जानकारी लोगों के साथ निरंतर तौर पर सांझी करें जिससे किसी भी दुविधा से बचा जा सके।

कठिन समय में निभाएं सकारात्मक भूमिका

भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों को तब तक बाढ़ के बारे या डैमों के फ्लड गेट खोलने के बारे फैलाई जाती अफ़वाहों पर यकीन न करने के लिए कहा, जब तक अधिकारियों की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की जाती। उन्होंने मीडिया को भी अपील की कि वह बाढ़ के बारे गलत खबरों को सनसनीखेज़ ढंग के साथ पेश न करें और इस कठिन समय में सकारात्मक भूमिका निभाएं।

जिम्पा ने कान में मारी फूंक, सीएम को आया गुस्सा

मुख्यमंत्री भगवंत मान टांडा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके पीछे खड़े कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिमपा ने फूंक मारनी शुरू कर दी। एक दो बार तो सीएम कुछ नहीं बोले, मगर जब जिंप ने फिर सीएम के कान में फूंक मारी तो उन्हें गुस्सा आ गया। सीएम पीछे की तरफ मुड़े और गुस्से से बोले कि बस कर, मुझे भी बोलने दे। इस पर जिम्प ने हाथ जोड़कर कर अपनी गलती का अहसास किया। इसके बाद सीएम फिर मीडिया से मुखातिब होने लगे।

टांडा में लोगों ने किया सीएम का विरोध

टांडा में जब बाढ़ पीड़ितों को पता चला कि सीएम मान आए हैं तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। लोग सीएम मान के पास जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। लोगों ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की कोई मदद नहीं हो रही है। सरकार की तरफ से उनकी कोई सुधि नहीं ली जा रही है।

chat bot
आपका साथी