Train Delay in Agra: लेट ट्रेनों ने बढ़ाई परेशानी, खत्म हुआ पानी; बदबू से हाल- बेहाल

Train Delay in Agra उत्तर प्रदेश में घने कोहरे से हाल बेहाल है। यहां कोहरे ने ट्रेनों को रेंगने पर मजबूर कर दिया है। 10 से भी ज्यादा घंटों से देरी से चल रही ट्रेनों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। क्रांति एक्सप्रेस (मनिकपुर जंक्शन से निजामुद्दीन) 12 घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन में पानी और खाना खत्म हो गया है।

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh Publish:Fri, 29 Dec 2023 12:15 PM (IST) Updated:Fri, 29 Dec 2023 12:15 PM (IST)
Train Delay in Agra: लेट ट्रेनों ने बढ़ाई परेशानी, खत्म हुआ पानी; बदबू से हाल- बेहाल
लेट ट्रेनों ने बढ़ाई परेशानी, खत्म हुआ पानी; बदबू से हाल- बेहाल

जागरण संवाददाता, आगरा। डीआरएम साहब, उप्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (मनिकपुर जंक्शन से निजामुद्दीन) 12 घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन में पानी और खाना खत्म हो गया है। बी-9 कोच के सीट नंबर 53 है। बुंदेली भारती ने इन्हीं शब्दों के साथ डीआरएम के एक्स अकाउंट में अपनी परेशानी को साझा किया।

इसी ट्रेन में सफर कर रहे अराध्य गौर दास ने भी अपनी परेशानी बताई। बाद स्टेशन पर यह ट्रेन ढाई घंटे तक खड़ी रही। इस ट्रेन में कोई भी पैंट्री सिस्टम नहीं है। यात्री परेशान हैं। एक अन्य यात्री प्रशांत सिंह ने लिखा है सुबह पांच बजे निजामुद्दीन पहुंचनी चाहिए, लेकिन यह ट्रेन 11 घंटे की देरी से शाम चार बजे पहुंची।

लेट से चल रही ट्रेनों का हाल बेहाल

डीआरएम ने एक्स अकाउंट पर वरिष्ठ मंडल संचालन अधिकारी को मामले को देखने के लिए लिखा। ये हाल सिर्फ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का नहीं है बल्कि कोहरे के चलते गड़बड़ाए संचालन से लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों का है।

किसी में पानी खत्म , तो कहीं बदबू से हाल-बेहाल

दिल्ली की ओर जाने वाली अमृतसर एक्सप्रेस बुधवार रात 12 बजे कैंट पहुंचनी थी, लेकिन यह ट्रेन गुरुवार सुबह पांच बजे पहुंची। इससे कई यात्रियों की फ्लाइट छूट गई। यात्री पीएल यादव ने बताया कि ट्रेन के लेट होने के चलते श्रीनगर की फ्लाइट छूट गई। प्रियांशु जैन ने एक्स पर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस के आठ घंटे लेट होने की बात लिखी। मथुरा में एक घंटे से अधिक तक यह ट्रेन खड़ी रही। इसी तरह से तमिलनाडु एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-5 में पानी खत्म हो गया। बदबू से लोग परेशान हो गए। इसकी शिकायत भी एक्स पर साझा की गई।

शताब्दी भी हुई लेट

शताब्दी एक्सप्रेस पांच घंटे और गतिमान एक्सप्रेस 5.25 घंटे की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अवध एक्सप्रेस पांच घंटे सहित अन्य ट्रेनें लेट रहीं। आगरा कैंट प्रीपेड आटो टैक्सी ड्राइवर यूनियन के महामंत्री अनिल शर्मा का कहना है कि ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री स्टेशन में खड़े रहते हैं। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि तमिलनाडु एक्सप्रेस के कोच में पानी खत्म होने की शिकायत मिली थी। ट्रेन आगरा से निकल चुकी थी। झांसी में समस्या का समाधान कराया गया।

दस घंटे की देरी से पहुंची लखनऊ इंटरसिटी

कोहरे की मार के चलते लखनऊ-आगरा इंटरसिटी दस घंटे की देरी से आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंची। इंटरसिटी लखनऊ से शाम 3.55 बजे रवाना होनी चाहिए थी लेकिन यह ट्रेन रात 8.15 बजे रवाना हो सकी। यह ट्रेन रात 9.49 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंचती है लेकिन लखनऊ से 4.20 घंटे की देरी से चलने के कारण यह ट्रेन गुरुवार सुबह 7.50 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंची।

इतनी भी क्या जल्दी है

आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह 11.50 बजे जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस आ रही थी। प्लेटफार्म पर ट्रेन के रुकने से पहले ही एक युवक बंद बोगी के गेट पर खड़े हो गया। शायद उसे ट्रेन के रुकने पर बोगी में बैठने की जल्दी थी। प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर युवक ट्रेन के रुकते ही उतर कर भाग गया

कैंट पर पानी की बर्बादी, वीडियो प्रसारित

कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पानी की पाइप लाइन का हाईड्रेंट टूट गया था। बुधवार रात 9.15 बजे हजारों लीटर पानी बर्बाद होने लगा। यात्रियों ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। यात्री दिनेश कुमार ने बताया कि अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि 9.40 बजे लाइन की मरम्मत कर दी गई।

यह भी पढ़ें: Namo Bharat Train: दुहाई से मेरठ साउथ स्टेशन तक आज होगा नमो भारत का ट्रायल रन! 25 KM लंबे रूट में हैं इतने स्टेशन

chat bot
आपका साथी