उमेश पाल हत्याकांड के 90 दिन: तबाह हो गया माफिया का साम्राज्य, शाइस्ता और जैनब समेत तीन शूटर बने हैं चुनौती

सनसनीखेज कांड में शामिल रहे चार शूटर भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गए। कुछ लोग गिरफ्तार किए गए थे जबकि कई अभी फरार हैं। अतीक की पत्नी शाइस्ता और अशरफ की बीवी जैनब के साथ ही 3 शूटर एसटीएफ और पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं।

By Jagran NewsEdited By:
Updated: Fri, 26 May 2023 12:39 PM (IST)
उमेश पाल हत्याकांड के 90 दिन: तबाह हो गया माफिया का साम्राज्य, शाइस्ता और जैनब समेत तीन शूटर बने हैं चुनौती
उमेश पाल हत्याकांड के 90 दिन: तबाह हो गया माफिया का साम्राज्य

 जागरण संवाददाता, प्रयागराज: राजू पाल हत्याकांड के गवाह रहे उमेश पाल का कत्ल हुए आज (शुक्रवार) 90 दिन बीत गए। इन 90 दिनों में बहुत कुछ हुआ। हत्याकांड के मुख्य आरोपित माफिया अतीक अहमद और अशरफ मारे गए।

सनसनीखेज कांड में शामिल रहे चार शूटर भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गए। कुछ लोग गिरफ्तार किए गए थे जबकि कई अभी फरार हैं। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और अशरफ की बीवी जैनब फातिमा के साथ ही 3 शूटर 90 दिन बाद भी एसटीएफ और पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं।

अब इस हत्याकांड में चार्जशीट फाइल होने वाली है लेकिन अब तक एसटीएफ शाइस्ता परवीन और जैनब फातिमा के साथ ही तीन अन्य महिलाओं को पकड़ने में नाकाम रही है। वो महिलाएं हैं अतीक की बहन आयशा नूरी और दो भंजियां। इनमें आयशा नूरी ने तो कोर्ट में सरेंडर करने की अर्जी भी दी थी लेकिन उसने सरेंडर भी नहीं किया।

अतीक और अशरफ की पत्नियों समेत ये पांच महिलाएं कहां हैं, पुलिस और एसटीएफ को कुछ पता नहीं है। इसके अलावा हत्याकांड में सुर्खियों में रहा बमबाज गुड्डू मुस्लिम और दो अन्य शूटर अरमान बिहारी तथा साबिर भी अब तक पकड़ में नहीं आए हैं। इन सभी की गिरफ्तारी पर पांच-पांच लाख का पुरस्कार शासन की तरफ से घोषित है।