लोकसभा चुनाव में राम मंदिर रहेगा बीजेपी का प्रमुख अस्त्र, अयोध्या में सीएम योगी ने किया ऐलान; विपक्ष को बताया देश पर बोझ!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में लोकसभा चुनाव के लिए हुंकार भर दी है। लोकसभा चुनाव में अयोध्या भाजपा का प्रमुख अस्त्र रहेगी। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या का नाम पूरी दुनिया में गूंज रहा है। पहले लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता लेकिन अब उसी अयोध्या में 22 जनवरी से 10 मार्च तक एक करोड़ श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया।

By Navneet Srivastava Edited By: Swati Singh Publish:Thu, 14 Mar 2024 09:22 PM (IST) Updated:Thu, 14 Mar 2024 09:22 PM (IST)
लोकसभा चुनाव में राम मंदिर रहेगा बीजेपी का प्रमुख अस्त्र, अयोध्या में सीएम योगी ने किया ऐलान; विपक्ष को बताया देश पर बोझ!
लोकसभा चुनाव में राम मंदिर रहेगा बीजेपी का प्रमुख अस्त्र

जागरण संवाददाता, अयोध्या। लोकसभा चुनाव में अयोध्या भाजपा का प्रमुख अस्त्र रहेगी। गुरुवार को यहां आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ओर विकास योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण से विकास की राह पर आगे बढ़ रही अयोध्या और उत्तर प्रदेश का चित्रण प्रस्तुत किया तो दूसरी ओर उनके संबोधन का केंद्र राम और अयोध्या रहे। उन्होंने राज्य के लोगों की फैमिली आईडी बनवाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने रामलला व बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। अधिकारियों संग रामनवमी को लेकर बैठक भी की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को रामनगरी में 1090 करोड़ रुपये की लागत से 221 परियोजनाओं का शिलान्यास व 190 का लोकार्पण किया। जीआईसी में हुई सभा में उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी से पात्रों को उन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी उनके घर तक जाएंगे, जिनसे वह अभी तक वंचित हैं।

सपा,बसपा और कांग्रेस देश के लिए बोझ

सीएम योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस को देश के लिए बोझ बताया। लोगों से पूछा कि क्या सपा, बसपा या कांग्रेस की सरकार होती तो राम मंदिर बनता, अयोध्या का सुंदरीकरण होता, सुरक्षित वातावरण और एयरपोर्ट बनता। कहा, जो न आस्था का सम्मान कर सकते हैं, दवाई, पढ़ाई, अन्न, आवास, एयरपोर्ट, सड़कें व रोजगार नहीं दे सकते तो ‘उस बोझ’ को उठा कर बाहर फेंकें।

मोदी तीसरी बार पीएम बनें तो...

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश और अयोध्या आवश्यक है। इसलिए 2024 के चुनाव में लल्लू सिंह को विजयी बनाएं।

ये राम के आगमन की तैयारी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव को लोग औपचारिकता बताते थे, लेकिन हम कहते थे कि ये राम के आगमन की तैयारी है। पांच सौ वर्षों से जिस घड़ी की प्रतीक्षा थी वह डबल इंजन की सरकार में पूर्ण हुई। अयोध्या का नाम पूरी दुनिया में गूंज रहा है। पहले लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, लेकिन अब उसी अयोध्या में 22 जनवरी से 10 मार्च तक एक करोड़ श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया। नेता हों, मंत्री हों, व्यापारी हों या उद्योगपति सभी की एक ही इच्छा है कि जल्द से जल्द रामलला का दर्शन करें।

भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह की सीएम ने की प्रशंसा

सीएम योगी ने भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लल्लू सिंह हमेशा रामधुन में मस्त रहते हैं। सीएम ने कहा, लल्लू सिंह की मांग पर जिले का नाम अयोध्या किया गया था। जब जिला, मंडल मुख्यालय और नगर निगम सब कुछ अयोध्या हो तो राम को विराजना ही था। सभा में सांसद व भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डा. अमित सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: Ramnavmi पर 24 घंटे होंगे रामलला के दर्शन, CM योगी ने दिए निर्देश; श्रद्धालुओं को भी मिलेंगी ये सुविधाएं

chat bot
आपका साथी