UP Board 10th Topper : प्रिंस को गणित और विज्ञान में 100/100 अंक, बनना चाहते हैं सेना में अफसर

UP Board 10th Topper Latest Updates यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी होने पर मेरिट सूची में कानपुर के घाटमपुर मुरलीपुर रार के अनुभव इंटर कालेज के छात्र प्रिंस का नाम पहले पायदान पर है। उनके घर पर खुशियों का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 18 Jun 2022 03:36 PM (IST) Updated:Sat, 18 Jun 2022 03:36 PM (IST)
UP Board 10th Topper : प्रिंस को गणित और विज्ञान में 100/100 अंक, बनना चाहते हैं सेना में अफसर
कानपुर में प्रिंस ने टाप किया तो फतेहपुर में मना जश्न।

कानपुर, जागरण संवाददाता। यूपी बोर्ड दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाले प्रिंस पटेल के घर में जश्न का माहौल है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की बधाई का तांता लगा है तो शिक्षक भी उन्हें शुभाशीष दे रहे हैं। मूल रूप से फतेहपुर के बिंदकी तहसील के इब्राहिमपुर गांव के सहालेपुर ग्राम निवासी प्रिंस ने कानपुर महानगर के घाटमपुर के मुरलीपुर रार स्थित अनुभव इंटर कालेज से दसवीं की पढ़ाई की है। हाईस्कूल में 600 में 586 (97.67 प्रतिशत) अंक हासिल करके एक नहीं दो जिलों का नाम रोशन किया है। कानपुर नगर के विद्यालय और फतेहपुर के गांव में जश्न मनाया जा रहा है। उनका सपना एनडीए में जाकर देश की सेवा करना है।

शनिवार की दोपहर दो बजे जैसे यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट आया तो विद्यालय और घर में खुशी का माहौल छा गया। प्रिंस के गांव में घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और रिश्तेदारों के भी फोन आना शुरू हो गया। विद्यालय से शिक्षक भी मुंह मीठा कराने उसके गांव जाने की तैयारी करने लगे। वहीं विद्यालय में शिक्षक और छात्र एकत्र हुए तो जश्न भी मनाया गया।

प्रिंस पटेल ने बताया कि उनका सपना एनडीए में जाकर देश की सेवा करना है। उन्होंने बचपन में ही यह लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। प्रिंस पटेल ने बताया कि रिजल्ट निकलने के बाद उसने अपने नंबर देखे। उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसने प्रदेश में टॉप किया है। बाद में उसे इसकी जानकारी हुई।

प्रिंस का कहना है कि उन्होंने कभी कोचिंग नहीं की, कभी किसी विषय का रट्टा नहीं मारा। उन्होंने बताया कि पढ़ाई कभी समय देखकर नहीं करनी चाहिए। जब मन हो तभी पढ़ने बैठ जाना चाहिए। उन्हें गणित और विज्ञान दोनों ही विषय बहुत पसंद हैं। दोनों ही विषयों में उन्हें 100 में से 100 अंक हासिल हुए हैं।

प्रिंस के पिता अजय कुमार किसानी करते हैं और माता शिवकांति देवी गृहिणी हैं। छोटा भाई कक्षा एक का छात्र हैं। 

घाटमपुर के मुरलीपुर रार स्थित अनुभव इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा बताते हैं कि प्रिंस कक्षा छह से आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह पढ़ने में बहुत होशियार है। गणित और विज्ञान उसके पसंदीदा विषय हैं। दोनों विषयों में उसने 100 में 100 अंक हासिल किए हैं। हिंदी में उसे 98 अंक और अंग्रेजी में 99 अंक मिले हैं। सामाजिक विज्ञान में 93 और कला में 96 अंक हासिल हुए हैं। उसने 600 में 586 अंक हासिल किए हैं।

chat bot
आपका साथी