UP Politics: यूपी के लिए कांग्रेस ने बना लिया Plan-B, इस तरह से BJP को घेरने की तैयारी; सपा को भी होगी दिक्कत

कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर नारी शक्ति को आकर्षित करने का दांव लगाएगी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा ने महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिरे सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह समेत अन्य भाजपा नेताओं का एक पोस्टर भी जारी किया। मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरेगी।

By Alok Mishra Edited By: Publish:Tue, 13 Feb 2024 11:43 AM (IST) Updated:Tue, 13 Feb 2024 11:43 AM (IST)
UP Politics: यूपी के लिए कांग्रेस ने बना लिया Plan-B, इस तरह से BJP को घेरने की तैयारी; सपा को भी होगी दिक्कत
UP Politics: यूपी के लिए कांग्रेस ने बना लिया Plan-B, इस तरह से BJP को घेरने की तैयारी

HighLights

  • महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा ने भाजपा पर बोला हमला
  • कहा, नारी उत्पीड़न के मामलों को लेकर सड़क पर उतरेगी महिला कांग्रेस

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सफलता के लिए प्रदेश में महिला कांग्रेस भी अपना पूरा जोर लगाएगी। कांग्रेस ने महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रियंका वाड्रा के लड़की हूं लड़ सकती हूं नारे की तर्ज पर महिला कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर नारी शक्ति को आकर्षित करने का दांव लगाएगी।

इसके लिए कांग्रेस हर जिले में नारी न्याय सम्मेलन व 50 किलोमीटर की नारी न्याय यात्रा निकालेगी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा ने सोमवार को लखनऊ में इसकी घोषणा की। हर जिला मुख्यालय से निकाली जा रही इस यात्रा में महिला कांग्रेस प्रमुखता से शामिल होगी। 

लाम्बा ने महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिरे सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह समेत अन्य भाजपा नेताओं का एक पोस्टर भी जारी किया। मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। इस लड़ाई का केंद्र दिल्ली के बाद लखनऊ होने वाला है। केंद्र सरकार पर महिलाओं के साथ अपराध करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कहा, इनका नारा अपराधी बचाओ है।

गंभीर आरोपों से घिरे अन्य भाजपा नेताओं का नाम लेते हुए केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर भी हमला बोला। कहा, महिला उत्पीड़न के मामलों पर ईरानी हमेशा चुप्पी साधे रहीं। लोकसभा चुनाव से पहले महिला कांग्रेस अमेठी से भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को घेरने की कोशिश में भी नजर आई। नारी न्याय सम्मेलन की शुरुआत मंगलवार को बाराबंकी से होगी। लाम्बा ने प्रदेश मुख्यालय में महिला कांग्रेस की बैठक कर सम्मेलन व यात्रा को लेकर मंथन भी किया।

पीड़ित महिलाओं के लिए जारी किया नंबर

न्याय योद्धा बनने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9891802024 जारी किया। इस नंबर पर मिस काल करने वाली पीड़ित महिलाओं को विधिक परामर्श, वकील व आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

20 को आएगी कांग्रेस की पहली सूची

कांग्रेस व सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही ऊहापोह की स्थिति जल्द साफ हो जाएगी। आइएनडीआइए से राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के छिटकने के सवाल पर लाम्बा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने की खुशी है और इसका सम्मान करती हूं। रालोद का नाम मत लीजिए... ऐसा लगता है कि समझौते के तहत यह सम्मान मिला है। सपा से सीटों के बंटवारे पर कहा कि 20 फरवरी को कांग्रेस की पहली सूची आ जाएगी।

chat bot
आपका साथी