Lucknow: चारबाग में रेलवे टिकट बनने से पहले यात्रियों को LED Screen पर मिलेगी सभी जानकारी, निजी कंपनी की पहल

यह स्क्रीन रिजर्वेशन क्लर्क के कंप्यूटर सिस्टम से जुड़े होंगे। रेलवे को इस सुविधा के लिए अपनी ओर से कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ा। निजी कंपनी ने यह स्क्रीन लगायी है। इसके एवज में कंपनी का प्रचार भी इस स्क्रीन पर हो सकेगा।

By Vrinda SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 08 Nov 2022 01:12 PM (IST) Updated:Tue, 08 Nov 2022 01:12 PM (IST)
Lucknow: चारबाग में रेलवे टिकट बनने से पहले यात्रियों को LED Screen पर मिलेगी सभी जानकारी, निजी कंपनी की पहल
चारबाग में रेलवे टिकट काउंटर पर लगेगी LED Screen।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। रेल आरक्षण केंद्रों पर अपना रेलवे टिकट बनवाते समय यात्रियों को उनकी ट्रेन की वेटिंग और कंफर्म सीट की सही जानकारी नहीं मिल पाती थी। उनको पहले से किराया भी नहीं पता होता था। उनके नाम भी कई बार रिजर्वेशन क्लर्क गलत लिख देते थे। ऐसी ही कई मुश्किलों को रेलवे अब दूर करेगा।

रेलवे प्रशासन अब अपने सभी आरक्षण केंद्रों के काउंटरों के कंप्यूटर सिस्टम को एलईडी से जोड़ेगा। काउंटर पर लगी हर एलईडी स्क्रीन यात्री को उससे जुड़ी सभी जानकारियां दिखेंगी। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चारबाग रेल आरक्षण केंद्र में एलईडी स्क्रीन लगाने का काम भी शुरू हो गया है। यह स्क्रीन दो सप्ताह में शुरू हो जाएगी।

रेल आरक्षण केंद्रों पर टिकट बनवाते समय यात्री अपना फार्म भरकर रिजर्वेशन क्लर्क को देते हैं। काउंटर की तरफ बैठे रिजर्वेशन क्लर्क आवेदन फार्म की जानकारी को कंप्यूटर सिस्टम में फीड करते समय कई बार यात्रियों को उपलब्ध सीटों की सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराते हैं।

यात्री को यह तक पता नहीं चलता है कि उनका नाम भी रिजर्वेशन क्लर्क ने सही लिखा है या नहीं। इतना ही नहीं यात्री को सही किराए का भी पता टिकट बनने के बाद चलता है। प्रीमियम तत्काल कोटे का टिकट बनाते समय किराया अचानक कई गुना महंगा हो जाता है। यात्री को टिकट बनने के बाद ही पता चलता है कि उसका टिकट महंगा बना है।

यह सब जानकारी अब टिकट बनने से पहले यात्रियों को एलईडी स्क्रीन पर उपलब्ध होगी। यह स्क्रीन रिजर्वेशन क्लर्क के कंप्यूटर सिस्टम से जुड़े होंगे। रेलवे को इस सुविधा के लिए अपनी ओर से कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ा। निजी कंपनी ने यह स्क्रीन लगायी है। इसके एवज में कंपनी का प्रचार भी इस स्क्रीन पर हो सकेगा। चारबाग स्टेशन के निदेशक आशीष सिंह ने बताया कि यह तकनीक यात्रियों को बड़ी सुविधा देगी।

chat bot
आपका साथी