अब नई दिल्ली-कानपुर सेमी हाई स्पीड ट्रेन, ट्रायल इसी माह

लखनऊ। नई दिल्ली-आगरा सेमी हाई स्पीड के बाद अब रेलवे बोर्ड एक और ट्रेन के ट्रायल की तैयार

By Edited By: Publish:Sat, 13 Sep 2014 06:29 PM (IST) Updated:Sat, 13 Sep 2014 06:29 PM (IST)
अब नई दिल्ली-कानपुर सेमी हाई स्पीड ट्रेन, ट्रायल इसी माह

लखनऊ। नई दिल्ली-आगरा सेमी हाई स्पीड के बाद अब रेलवे बोर्ड एक और ट्रेन के ट्रायल की तैयारी में जुट गया है। यह ट्रेन नई दिल्ली से कानपुर तक चलेगी। रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) दूसरी सेमी हाई स्पीड ट्रेन के ट्रायल की तैयारी में जुटा हुआ है। यह ट्रायल इसी माह होने की संभावना है।

मोदी सरकार के पहले रेल बजट में 9 सेमी हाई स्पीड ट्रेन को चलाने की घोषणा हुई थी। देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन नई दिल्ली से आगरा के बीच नवंबर में शुरू होना प्रस्तावित है। जबकि नई दिल्ली-चंडीगढ़ व नई दिल्ली-कानपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों पर भी रेलवे बोर्ड खास ध्यान दे रहा है। नई दिल्ली-कानपुर रूट व्यस्ततम रूट में शामिल है, जिसे देखते हुए ट्रायल को इस तरीके से किए जाने का प्रयास किया जा रहा है, कि अन्य ट्रेनें लेट न हों। दूसरी सेमी हाई स्पीड का पहला ट्रायल स्पीड का होगा, इसके बाद टाइम टेबल के दो से तीन ट्रायल होंगे।

यह ट्रायल नई दिल्ली-आगरा की तरह ही होंगे। सेमी हाई स्पीड ट्रेन को अधिकतम 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जा सकेगा और ट्रेन में लिंके हॉफमैन बुश कोच लगे होंगे। इनकी संख्या कितनी होगी, अभी फाइनल नहीं हुआ है। ट्रायल में गाजियाबाद में बने 5500 हॉर्स पावर की क्षमता वाले डब्ल्यूएपी 4 इंजन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इंजन में पहली बार कैमरे भी लगाए जाएंगे।

आगरा को होगा फायदा

नई दिल्ली हो या कानपुर। दोनों रूटों पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलने से आगरा को सबसे ज्यादा फायदा होगा। कारण है कि नई दिल्ली से कानपुर तक चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन का स्टॉपेज टूंडला, फीरोजाबाद में होगा। इससे आगरा से कानपुर जाने वाले यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे नवीन बाबू ने बताया कि नई दिल्ली-कानपुर के बीच चलने जा रही सेमी हाईस्पीड ट्रेन का जल्द ही ट्रायल होने जा रहा है। सबसे पहले स्पीड का ट्रायल होगा और इसके बाद दूसरा टाइम ट्रायल होगा।

chat bot
आपका साथी