रेलवे स्टेशन से 'समय' गायब

रेलवे अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Sep 2018 11:30 AM (IST) Updated:Thu, 13 Sep 2018 11:30 AM (IST)
रेलवे स्टेशन से 'समय' गायब
रेलवे स्टेशन से 'समय' गायब

मुरादाबाद : रेलवे स्टेशन से समय गायब हो गया है। इसका खामियाजा रेलवे यात्रियों को उठाना पड़ता है। ट्रेन के आने के समय को लेकर यात्रियों और रेलवे कर्मियों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। मंडल मुख्यालय के रेलवे स्टेशन के एक भी प्लेटफार्म पर घड़ी नहीं है।

रेल प्रबंधन ने यात्री सुविधाओं के तहत सभी बड़े स्टेशनों के प्लेटफार्मो पर बड़ी-बड़ी घड़ी लगाना अनिवार्य किया है। छोटे स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर के कमरे में बड़ी घड़ी लगाई जाती है, जिससे बाहर से यात्री समय की जानकारी कर सकें। भारतीय रेलवे का देश भर में एक समय होता है, इसके आधार पर ट्रेनों का संचालन किया जाता है।

रेल मंडल मुख्यालय स्टेशन के सभी प्लेटफार्मो पर पांच साल पहले तक पुराने जमाने की घड़ी लगी हुई थी। रेलवे की ओर से पुरानी घड़ी के स्थान पर जीपीएस द्वारा संचालित होने वाली इलेक्ट्रानिक घड़ी लगवाई गई थी। दो साल में ही ये खराब हो गई। इसके बाद स्टेशन परिसर मुख्य द्वार पर पुराने जमाने की बड़ी घड़ी लगाई गई थी। इससे यात्री सड़क से ही टाइम देख लेते थे लेकिन दो साल से यह भी खराब है। कई स्टेशनों पर खराब है घड़ी

मुरादाबाद रेल मंडल के हरिद्वार, देहरादून जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी घड़ी खराब पड़ी हुई है। ट्रेन के समय को लेकर होता है विवाद

इंडियन रेलवे की घड़ी के अनुसार ट्रेनों का संचालन किया जाता है। वर्तमान में अधिकांश यात्रियों के पास घड़ी नहीं होती है। वे मोबाइल से समय देखते हैं। मोबाइल व रेलवे के समय में 10 से 15 मिनट तक का अंतर होता है। इससे यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। यात्री मोबाइल का समय दिखाकर स्टेशन मास्टर से विवाद करते हैं। इसकी जानकारी कराएंगे

-रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधा के तहत घड़ी लगाना अनिवार्य है। मुरादाबाद स्टेशन पर घड़ी नहीं लगी है, इसकी जानकारी कराएंगे और शीघ्र घड़ी लगवाने की व्यवस्था करेंगे। हरिद्वार स्टेशन पर घड़ी खराब पड़ी हुई थी, उसे ठीक कराने के लिए दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

-अजय कुमार सिंघल, मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे मुरादाबाद।

chat bot
आपका साथी