iPhone खरीदने के लिए तीन किशोरों ने किया ये कारनामा, पुलिस भी हैरान; अब भेजे गए सुधार गृह

मुरादाबाद में महिला के घर से डेढ़ लाख की नकदी और करीब छह लाख रुपये के गहने से भरा बक्सा चोरी हो गया। टीम जब महिला के घर आने-जाने वालों के बारे में जानकारी की तो महिला के रिश्तेदारी के नाबालिग पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की अपने दो दोस्तों के साथ आइफोन खरीदने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की।

By Mohsin Pasha Edited By: Aysha Sheikh Publish:Sun, 30 Jun 2024 12:24 PM (IST) Updated:Sun, 30 Jun 2024 12:24 PM (IST)
iPhone खरीदने के लिए तीन किशोरों ने किया ये कारनामा, पुलिस भी हैरान; अब भेजे गए सुधार गृह
आइफोन खरीदने के लिए तीन किशोरों ने की चोरी

HighLights

  • डेढ़ लाख रुपये और करीब छह लाख रुपये के गहने किए थे चोरी
  • बेचने से पहले ही पुलिस ने किया गिरफ्तार, किशोर संप्रेक्षण गृह भेजे जाएंगे

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला सोनकपुर निवासी महिला के घर से डेढ़ लाख की नकदी और करीब छह लाख रुपये के गहने से भरा बक्सा चोरी हो गया। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार करके माल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि आइफोन खरीदना चाहते थे, इसलिए उन्होंने महिला के घर में चोरी की थी।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि हरथला सोनकपुर गली नंबर-तीन निवासी राजो देवी मजदूरी कर भरण पोषण करती हैं। उनके पति का देहांत हो चुका है। राजो देवी 27 जून का काम पर गई थीं। घर पर उनकी मां मुन्नी देवी थीं। दोपहर 12:30 बजे जब राजो देवी लौटी तो घर के अंदर से बक्सा गायब था।

राजो देवी ने बताया कि बक्से में एक लाख 50 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर रखे थे। उन्होंने शुक्रवार को इस मामले में सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक संदीप मिश्रा और हरथला चौकी प्रभारी प्रबोध कुमार सिंह की टीम जब महिला के घर आने-जाने वालों के बारे में जानकारी की तो महिला के रिश्तेदारी के नाबालिग पर शक हुआ।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले वह गुमराह करता रहा। बाद में अपने दो दोस्तों के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके दोनों नाबालिग दोस्तों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों को किशोर संप्रेक्षण गृह भेजा जाएगा।

डेढ़ लाख रुपये और जेवर बरामद

आरोपितों के निशानदेही पर पुलिस ने 1.50 लाख रुपये की नकदी, सोने की चार चूड़ियां, एक चेन समेत कंठी, अंगूठी, सोने का लाकेट, तीन जोड़ी कुंडल, लौंग, चांदी की नौ जोड़ी पाजेब समेत करीब साढ़े छह लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं।

chat bot
आपका साथी