शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे ने कहीं ऐसी बातें, दुल्हन के उड़ गए होश; फिर विवाह करने से किया साफ इनकार

दुल्हन के पिता ने बताया कि जयमाला के कार्यक्रम के बाद जब फेरो का कार्यक्रम शुरू हुआ तो दूल्हे ने अचानक दो लाख रुपये देने की मांग रख दी। काफी समझाने पर दूल्हा किसी तरह फेरों के लिए राजी हुआ। दूल्हे न यह भी कहा कि वह पूर्व में अपनी चार पत्नियों को मार भी चुका है। इसे सुनकर दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया।

By Aysha Sheikh Edited By: Aysha Sheikh Publish:Sat, 29 Jun 2024 02:59 PM (IST) Updated:Sat, 29 Jun 2024 02:59 PM (IST)
शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे ने कहीं ऐसी बातें, दुल्हन के उड़ गए होश; फिर विवाह करने से किया साफ इनकार
सैफनी में बिना दुल्हन के वापस लौटी बारात

संवाद सूत्र, सैफनी। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की रस्म के दौरान दूल्हे ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग रख दी। इस पर हंगामा हो गया। ग्रामीणों द्वारा दूल्हे पक्ष को काफी समझाने बुझाने पर जब फेरो की रस्म शुरू हुई तो दूल्हा दक्षिणा के रुपये देने को लेकर पंडितजी से भी उलझ गया और पूर्व में खुद की चार शादियां होने के बाद अपनी पत्नियों को मारने की बात कहने लगा। इस बात को सुनकर दुल्हन के होश उड़ गए।

स्वजन भी दूल्हे के इस व्यवहार को देखकर सन्न रह गए। यह सब बातें देख दुल्हन ने भी शादी से इन्कार कर दिया। जिस पर बिन दुल्हन ही बारात वापस लौट गयी। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दुल्हन के पिता ने बताया कि गुरुवार शाम उनकी पुत्री की बारात आई थी। बारात आने के बाद खाना-पीना हुआ।

इसके बाद बारात चढ़त और जयमाला के कार्यक्रम के बाद जब फेरो का कार्यक्रम शुरू हुआ तो दूल्हे ने अचानक दो लाख रुपये देने की मांग रख दी। इस पर हंगामा शुरू हो गया। दुलहन पक्ष का कहना है कि उन्होंने दूल्हा पक्ष द्वारा पूर्व में तय किए दहेज के अनुसार ही बाइक समेत सभी सामान का प्रबंध भी किया। मगर दो लाख रुपये की बात सुनकर वह दंग रह गए।

बिन दुल्हन के ही बारात वापस लौटी

काफी समझाने पर दूल्हा किसी तरह फेरों के लिए राजी हुआ। फेरों की रस्म के बाद जब पंडितजी को दक्षिणा देने का नंबर आया तो दूल्हा पंडितजी से भी उलझ गया और उनका एक 500 रूपये का नोट भी दूल्हे ने जला दिया। बात बढ़ने पर तभी दूल्हे ने पूर्व में अपनी चार शादी होने की बात कह दी।

आरोप है कि दूल्हे न यह भी कहा कि वह पूर्व में अपनी चार पत्नियों को मार भी चुका है। इसे सुनकर दुल्हन के होश उड़ गए। दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इन्कार कर दिया। जिस पर बिन दुल्हन के ही बारात वापस लौट गई। शुक्रवार सुबह दुल्हन के स्वजन ग्रामीणों को साथ लेकर थाने पहुंचे और उन्होंने मामले की तहरीर दी।

chat bot
आपका साथी