नेत्रहीन भी पढ़ेंगे दिग्गज शायरों की रचना

By Edited By:
Updated: Sun, 04 Dec 2011 07:24 PM (IST)
नेत्रहीन भी पढ़ेंगे दिग्गज शायरों की रचना

सिद्धार्थनगर : जनपद का रंजीत दृष्टिबाधित है। वह एम.ए. की पढ़ाई कर रहा है तथा ब्रेल लिपि उसकी मददगार है। उसे कविताएं व शेर-ओ-शायरी का शौक है। किसी को कविता पाठ करते हुए या शायरी सुनाते हुए सुनकर उसका दिल भी नामचीन शायरों, कवियों को पढ़ने का करता है पर मन मसोस कर उसे रह जाना पड़ता है, क्योंकि ऐसा कोई भी संग्रह ब्रेल लिपि में नहीं है। ऐसा सिर्फ रंजीत के साथ नहीं बल्कि सभी दृष्टिबाधित छात्रों के साथ है।

नेत्रहीन छात्रों की समस्या जल्द ही दूर होने वाली है। जिले का एक युवा उनके लिए ब्रेललिपि में पुस्तक प्रकाशित करने जा रहे हैं। युवा साहित्यकार रोहित कुमार मीत व अनवारुल हसन 'अनवर' का कहना है कि अभी तक ब्रेल लिपि में किसी काव्य संग्रह उर्दू और हिंदी के विश्व प्रसिद्ध कवियों और शायरों की रचनाओं का संकलन नहीं हुआ है। वॉयस पब्लिकेशन ख्यातिलब्ध शायरों और कवियों की रचनाओं का संग्रह 'ख्वाबों का कारवां' नाम से ब्रेल लिपि में शीघ्र प्रकाशित करेगा। इस काव्य संग्रह में लगभग सौ शायरों और कवियों की रचनाएं शामिल की गई हैं। मशहूर शायर बेकल उत्साही की सरपरस्ती में वह इस पर काम भी कर रहे हैं। पुस्तक के साथ ही साथ वह ब्रेललिपि में सीडी भी तैयार कर रहे हैं। इसमें अनवारुल हसन की आवाज में सभी शायरों का परिचय और रचनाएं होंगी। संग्रह की छपाई का काम अंतिम चरणों में है। सी.डी. की वीडियो रिकार्डिग भी चल रही है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में काव्यसंग्रह का विमोचन होगा है। प्रशासक काव्य संग्रह और सीडी को प्रदेश के उन विद्यालयों में जहां नेत्रहीनों को शिक्षा दी जाती है, मुफ्त में वितरित किया जाएगा।

---------

इनकी रचनाओं का है संकलन

काव्यसंग्रह में बेकल उत्साही, पद्मश्री गोपाल दास नीरज, पाकिस्तान के महमूद शाम, प्रो. वसीम बरेलवी, खुमार बाराबंकवी, बाली आसी, पद्मश्री बशीर बद्र, मुनव्वर राना, निदा फाजली, इब्राहिम अश्क, गुलजार, भारत भूषण पंत, मनीष शुक्ल व अन्य की रचनाएं शामिल की गई हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर