Uttarakhand Weather: हरिद्वार में आसमान से बरस रही आग...लगा 'लू का लॉकडाउन'...

Uttarakhand Weather मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हरिद्वार में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। लू के थपेड़ों से जिंदगी पस्त है। रुड़की के दिन और रात के तापमान में बुधवार को गिरावट आई लेकिन लोगों को उमस से कोई राहत नहीं मिली। वहीं चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra Publish:Thu, 13 Jun 2024 02:31 PM (IST) Updated:Thu, 13 Jun 2024 02:31 PM (IST)
Uttarakhand Weather: हरिद्वार में आसमान से बरस रही आग...लगा 'लू का लॉकडाउन'...
Uttarakhand Weather: अगले चार दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं

जागरण संवाददाता, हरिद्वार: Uttarakhand Weather: हरिद्वार में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। लू के थपेड़ों से जिंदगी पस्त है। पंखे, कूलर और एसी से भी राहत नहीं है। तपिश मिटाने को लोग गंगा घाटों का रुख कर रहे हैं।

हरिद्वार और आसपास क्षेत्रों का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के तल्ख तेवर को देख हाल फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है।

दिन-रात के तापमान में गिरावट लेकिन उमस से राहत नहीं

रुड़की के दिन और रात के तापमान में बुधवार को गिरावट आई, लेकिन लोगों को उमस से कोई राहत नहीं मिली। वहीं चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी। उधर, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मंगलवार की तुलना में बुधवार को शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 40 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जोकि सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से कम होकर 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रात का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

दिन के वक्त सड़कों पर आवाजाही कम

शहर के दिन और रात के तापमान में गिरावट तो आई लेकिन लोगों को तीखी धूप और गर्म हवा से राहत नहीं मिली। बुधवार को सुबह से ही आसमान में तेज धूप खिली रही। जबकि दोपहर में तो आसमान से धूप के रूप में आग बरसी। ऐसे में दिन के वक्त सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिली।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में 16 जून तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस अवधि के दौरान वर्षा की संभावना नहीं है।

chat bot
आपका साथी