Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Indore News: एक हाथ में गीता, दूजे में AI, इंदौर के सीबीएसई स्कूल में हो रही गजब की पढ़ाई

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एक सीबीएसई स्कूल में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ श्रीमद्भगवद गीता का ज्ञान भी दिया जा रहा है। अब तक इस स्कूल में दो हजार से अधिक छात्राओं को गीता का ज्ञान दिया जा चुका है। स्कूल में गीता का पाठ साल 2019 में शुरू किया गया था। प्रतिदिन करीब एक हजार बालिकाएं प्रतिदिन गीता का पाठ करती हैं।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Thu, 08 Aug 2024 08:21 PM (IST)
Hero Image
Indore News: असेंबली में गीता के श्लोक का पाठ करती छात्राएं।

संजय रजक, जेएनएन। यह बात इन दिनों अक्सर कही-सुनी जाती है कि भारत अब बदल रहा है, किंतु इंदौर का एक सीबीएसई स्कूल तो मानो इस बदलाव का सबसे ताजा उदाहरण बन गया है। यहां पढ़ने वाली छात्राओं के एक हाथ में श्रीमद्भगवद गीता हैं, तो दूजे हाथ में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जैसी आधुनिक पढ़ाई का कोर्स।

यह भी पढ़ें: Haryana News: 21 युवा संवार रहे सरकारी स्कूलों की तस्वीर, करा रहे कमरों का निर्माण, बच्चों की पढ़ाई में भी कर रहे मदद

ये छात्राएं भारत के प्राचीन ग्रंथों का सार भी उतनी ही गहराई से आत्मसात कर रही हैं, जितनी गहराई से अत्याधुनिक तकनीक के कोर्स और फार्मूले। कई छात्राओं को गीता के श्लोक कंठस्थ हैं तो कई ने उनके अर्थ को अपने जीवन में उतार लिया है। गीता पढ़ने के चलते अब उनकी चैतन्यता बढ़ गई है, पढ़ाई में अधिक मन लगता है, बोरियत का भाव नहीं आता और अपनी संस्कृति के प्रति समझ विकसित हुई है।

पूरे साल पढ़ाई जाती है गीता

यह सब हो रहा है इंदौर स्थित सीबीएसई स्कूल श्री क्लाथ मार्केट वैष्णव बाल मंदिर गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल में। यहां परंपरागत ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का ऐसा अद्भुत सम्मिश्रण हो रहा है कि छात्राएं भारतीयता के विचार से लबरेज हैं। इन्हें पूरे वर्ष गीता के अध्याय पढ़ाए जाते हैं और उसके प्रत्येक श्लोक का अर्थ इस तरह सिखाया जाता है कि वे उसे प्रैक्टिकल करते हुए अपने जीवन में उतार सकें।

2019 में शुरू हुआ गीता का पाठ

स्कूल की प्राचार्य आभा जौहरी बताती हैं कि हमारी नई पीढ़ी को प्राचीन ग्रंथों का ज्ञान होना जरूरी है। इसी विचार के साथ वर्ष 2019 में हमने स्कूल की कक्षा एक से सात तक की छात्राओं के लिए श्रीमद्भगवद् गीता पाठ शुरू किया। वर्तमान में करीब एक हजार बालिकाएं प्रतिदिन सुबह असेंबली में गीता के अलग-अलग अध्याय के श्लोक का उच्चारण करती हैं और उनका अर्थ सीखती हैं।

दो हजार से अधिक छात्राएं ले चुकीं गीता का ज्ञान

अधिकांश छात्राओं को गीता के 12वें और 15वें अध्याय के सभी श्लोक याद हो चुके हैं। ये छात्राएं इन श्लोकों की मदद से अपने व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ा रही हैं। श्लोक के लगातार पठन-पाठन से कई छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता में भी बेहतर परिणाम आ रहे हैं। इस स्कूल से अब तक दो हजार से अधिक छात्राएं संपूर्ण गीता का ज्ञान ले चुकी हैं।

ऐसे सिखाते हैं

प्राचार्य बताती हैं कि स्कूल में सीबीएसई के अनुसार आधुनिक पढ़ाई तो करवाई ही जाती है, साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास आदि भी सिखाए जा रहे हैं। नौवीं कक्षा से ऊपर की छात्राओं को एआई विषय पढ़ाया जाता है। ऐसे में छात्राएं गीता और एआई दोनों को साथ सीख रही हैं।

छात्राओं का श्रीमद्भगवद् गीता के प्रति जितना लगाव है, उतनी ही चैतन्यता आधुनिक पढ़ाई के प्रति भी है। पहले शिक्षिकाएं बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर संस्कृत में श्लोक लिखकर बताती हैं, फिर उनका हिंदी अर्थ सिखाती हैं। फिर सही तरीके से उच्चारण करना सिखाते हैं। इस प्रक्रिया से छात्राएं जल्द ही श्लोक याद कर लेती हैं और प्रतिदिन असेंबली में सभी छात्राएं एक साथ श्लोक दोहराती हैं।

बेटियां बोलीं- दृष्टिकोण बदल गया

मैंने पिछले वर्ष गीता के श्लोक सीखना शुरू किए। पहले कुछ कठिन लगे, लेकिन जब समझना शुरू किया तो मैं चकित रह गई कि गीता में कितना कुछ है। मैं अभी गीताजी की कक्षा के लेवल थ्री में हूं और मेरा दृष्टिकोण बदल गया है। अब मुझे जीवन के हर पहलू मैं आनंद महसूस होता है। चिड़चिड़ापन जा रहा है और धैर्य महसूस होता है। मुझे अध्याय 15 के सभी श्लोक याद हो गए हैं। - मनस्वी तिवारी, कक्षा छह

मैं वर्ष 2021 से स्कूल में गीता के श्लोक सीख रही हूं। अब तक अध्याय 15 पूरा सीख लिया है। घर पर भी मां-पापा रामायण और गीता पढ़ते हैं। श्लोक पढ़ने के बाद मुझे अच्छा फील होता है और एकाग्रता बढ़ती है। मेरा बोलने का तरीका भी सुधर रहा है। प्राची जोशी, कक्षा सात।

मैंने जब वर्ष 2023 में गीता के श्लोक सीखना शुरू किया तो अलग तरह की ऊर्जा महसूस होने लगी। इससे पढ़ाई भी बेहतर होती है। अब पढ़ा हुआ जल्दी से याद हो जाता है। - अवनी पुराणिक, कक्षा 6।

यह भी पढ़ें:  'मैं उन्हें राज्यसभा के लिए नॉमिनेट करता', विनेश फोगाट को लेकर हरियाणा के पूर्व सीएम का बयान

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर