Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MP First Phase Poll: मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान कल, 91 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में होगी कैद; जानिए हर सीट का हाल

पहले चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर 91 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इनमें छिंदवाड़ा की एक सीट भी शामिल है। पहले चरण की सभी छह लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा-कांग्रेस दोनों ने ही जमकर चुनाव प्रचार किया। भाजपा ने इन क्षेत्रों में 40 से अधिक सभाएं 30 से अधिक रोड शो 25 से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ।

By Jagran News Edited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 18 Apr 2024 08:02 PM (IST)
Hero Image
मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान (फाइल फोटो)

जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश की जबलपुर सहित छह लोकसभा सीटों पर पहले चरण का चुनावी शोर बुधवार को थम गया। अब शुक्रवार को उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। पहले चरण की सभी छह लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा ने जमकर चुनाव प्रचार किया। इन क्षेत्रों में 40 से अधिक सभाएं, 30 से अधिक रोड शो, 25 से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ। वहीं, कांग्रेस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंकी हुई है।

पहले चरण में मध्य प्रदेश की छह सीट पर 91 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है।

कहां से कितने प्रत्याशी लड़ रहे चुनाव

क्रमांक लोकसभा सीट कितने प्रत्याशी हैं मैदान में
1 जबलपुर 19
2 सीधी 17
3 शहडोल 10
4 बालाघाट 16
5 मंडला 14
6 छिंदवाड़ा 15

जबलपुर लोकसभा सीट

जबलपुर सीट से 19 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा-कांग्रेस के बीच है। दोनों ही दलों ने इस बार नए चेहरे पर दांव लगाया है। भाजपा ने पूर्व जिला ग्रामीण अध्यक्ष आशीष दुबे और कांग्रेस ने पूर्व जिला पार्टी अध्यक्ष दिनेश यादव को चुनावी मैदान में उतारा है।

यह भी पढ़ें: पांच साल में इतनी बढ़ गई दिग्विजय सिंह की संपत्ति, पत्नी अमृता उनसे ज्यादा अमीर

जबलपुर सीट पर एक नजर

  • कुल प्रत्याशी - 19
  • कुल मतदान केंद्र -2,130
  • कुल मतदाता - 18,94,304
  • पुरुष मतदाता - 9,61,997
  • महिला मतदाता - 9,32,212

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट

छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है और इसे कांग्रेस का अभेद्य किला माना जाता है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को दूसरी बार टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने विवेक बंटी साहू को चुनावी मैदान में उतारा है।

  • कुल मतदान केंद्र - 1939
  • कुल मतदाता - 16,32,190
  • पुरुष मतदाता - 8,24,449
  • महिला मतदाता - 8,07,726

बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट

आदिवासी बाहुल्य और नक्सल प्रभावित बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। कांग्रेस ने नए चेहरे पर दांव लगाते हुए सम्राट सिंह सरस्वार को टिकट दिया, जबकि भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत भारती पारधी सदस्य को मैदान में उतारा है। वहीं, बसपा भी अपनी जोर आजमाइश करते हुए दिखाई दे रही है। बसपा ने यहां से पूर्व सांसद कंकर मुंजारे पर भरोसा जताया है।

मंडला लोकसभा सीट

मंडला में भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते और कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार सिंह मरकाम के बीच सीधी टक्कर होने वाली है। फग्गन सिंह कुलस्ते आठवी बार चुनावी मैदान में हैं।

शहडोल लोकसभा सीट

शहडोल सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद हिमाद्री सिंह और कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल सिंह के बीच सीधा मुकाबला होने वाला है। इस सीट पर 17 लाख मतदाता हैं, जो 10 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग में सीएम मोहन यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज, दिग्विजय सिंह को बताया था रामद्रोही

सीधी लोकसभा सीट

सीधी से भाजपा ने डॉ राजेश मिश्रा को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने कमलेश्वर पटेल पर भरोसा जताया और इन दोनों नेताओं के बीच सीधी टक्कर होने की संभावना है। इस संसदीय सीट के अंतर्गत 20,24,176 मतदाता आते हैं, जिसमें 10,49,352 पुरुष और 9,74,810 महिला शामिल हैं।