Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MP Assembly: MP विधानसभा में पं. नेहरू की तस्वीर हटाकर डा. आंबेडकर की लगाई, सचिव बोले- पुरानी हो गई थी फोटो

मध्य प्रदेश विधानसभा में अध्यक्ष की आसंदी के पास लगी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर को हटाकर उसके स्थान पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगा दी गई है। पहले आसंदी की दांयी ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बांयी ओर पं. नेहरू की तस्वीर लगी हुई थी। कांग्रेस ने इस पर भाजपा को घेरा है।

By Jagran NewsEdited By: Abhinav AtreyUpdated: Mon, 18 Dec 2023 09:57 PM (IST)
Hero Image
मप्र विधानसभा में पं. नेहरू की तस्वीर हटाकर डा. आंबेडकर की लगाई (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में अध्यक्ष की आसंदी के पास लगी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर को हटाकर उसके स्थान पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगा दी गई है। पहले आसंदी की दांयी ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बांयी ओर पं. नेहरू की तस्वीर लगी हुई थी।

वर्ष 1997-98 में जब विधानसभा मिंटो हॉल से इस भवन में स्थानांतरित हुई थी तब महात्मा गांधी और पं. नेहरू की तस्वीर आसंदी के पास लगाई गई थीं। पं. नेहरू की हटाई गई तस्वीर को विधानसभा के पुस्तकालय में गांधी-नेहरू कक्ष में लगाया गया है। विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बताया कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के कार्यकाल में जुलाई के सत्र में ही पं. नेहरू की तस्वीर हटाई गई थी।

इसलिए लगाई गई डा. आंबेडकर की तस्वीर

एपी सिंह ने कहा, तस्वीर बहुत पुरानी हो गई थी और खराब भी हो रही थी, इसलिए उसे हटाकर डा. आंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है। कांग्रेस ने इस पर भाजपा को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर साहब हम सभी के आराध्य हैं और संविधान पीठ के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके सम्मान में कोई भी कोताही नहीं बरती जा सकती।

प्रायोजित तरीके से पं. नेहरू की तस्वीर हटाई गई- कांग्रेस

उन्होंने कहा कि जिस प्रायोजित तरीके से पं. नेहरू की तस्वीर हटाई गई है, वह ओछी मानसिकता का परिचायक है। पं. नेहरू देशवासियों के दिल में विराजित हैं। भाजपाई विचारधारा उन्हें कितना भी अपमानित करे, उससे भाजपाइयों का कद कम होगा, पं. नेहरू का नहीं।

ये भी पढ़ें: 'हर विधायक आपके साथ खड़ा है, हम चुनौती का सामना करने के लिए तैयार', पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम उमंग सिंघार का संदेश