Move to Jagran APP

MP Cabinet Expansion: जातीय समीकरण पर फोकस, इतने OBC नेताओं को मिली जगह; मोहन कैबिनेट में दिखी 2024 की तैयारी की झलक

MP Cabinet Expansion News मध्य प्रदेश में सोमवार को राजभवन में आयोजित सादे समारोह में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया जिसमें 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इनमें से 12 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं। मुख्यमंत्री को मिलाकर ओबीसी की संख्या 13 हो गई है। पांच-पांच मंत्री एससी व एसटी और आठ सामान्य वर्ग से हैं।

By Jagran News Edited By: Mohd Faisal Updated: Mon, 25 Dec 2023 11:06 PM (IST)
Hero Image
MP Cabinet Expansion: जातीय समीकरण पर फोकस, इतने OBC नेताओं को मिली जगह
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को राजभवन में आयोजित सादे समारोह में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया, जिसमें 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इनमें से 12 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं। मुख्यमंत्री को मिलाकर ओबीसी की संख्या 13 हो गई है। पांच-पांच मंत्री एससी व एसटी और आठ सामान्य वर्ग से हैं।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों की झलक दिखी

वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों की झलक कैबिनेट के पहले विस्तार में देखने को मिली। गौरतलब है कि भाजपा की राजनीति इन दिनों ओबीसी वर्ग के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया ने 19 दिसंबर को प्रकाशित खबर में बता दिया था कि मोहन कैबिनेट ओबीसी बहुल होगी।

मोहन कैबिनेट में 31 हुई मंत्रियों की संख्या

राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने वाले मंत्रियों में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, चार बार सांसद रहे राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह शामिल हैं। मोहन कैबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या 31 हो गई है। इसमें राज्य मंत्रियों की संख्या 10 है, जिसमें स्वतंत्र प्रभार वाले छह मंत्री शामिल हैं।

छह लोकसभा क्षेत्र से कोई मंत्री नहीं बनाया

पार्टी ने सभी संसदीय सीटों से एक-एक मंत्री शामिल करने की नीति बनाई थी, लेकिन छह लोकसभा क्षेत्र से कोई मंत्री नहीं बनाया गया। कैबिनेट में फिलहाल चार पद रिक्त हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

शिवराज सरकार के 10 मंत्रियों को मौका नहीं

शिवराज सरकार के 10 मंत्रियों को नई सरकार में अवसर नहीं मिल पाया। इनमें गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, मीना सिंह, डॉ प्रभुराम चौधरी, ऊषा ठाकुर, ओमप्रकाश सकलेचा, हरदीप सिंह डंग, बृजेंद्र सिंह यादव, बृजेंद्र प्रताप सिंह और बिसाहूलाल सिंह शामिल हैं।

शिवराज सरकार के छह मंत्रियों की वापसी

शिवराज सरकार में भी मंत्री रहे विजय शाह, तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, इंदर सिंह परमार, विश्वास सारंग और प्रद्युम्न सिंह तोमर को एक बार फिर मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट में 18 चेहरे ऐसे हैं, जिन्हें पहली बार मौका मिला है। पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले सात विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिला है। कैलाश विजयवर्गीय की लगभग सवा आठ वर्ष बाद कैबिनेट में वापसी हुई है। पिछले महीने हुए चुनाव में 230 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के 163 और कांग्रेस के 66 व एक भारत आदिवासी पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीता था।

सिंधिया समर्थकों की संख्या घटी

मोहन कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्रियों की संख्या घट गई है। पिछली सरकार में सिंधिया के कोटे से 10 मंत्री थे, लेकिन इस बार मात्र तीन मंत्री शामिल किए गए। इनमें प्रद्युम्न सिंह तोमर, गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट शामिल हैं। शपथ लेने के पहले तोमर ने दंडवत होकर सिंधिया के पैर छुए।

यह भी पढ़ें- MP Cabinet: मोहन यादव कैबिनेट का विस्तार; कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल समेत 28 विधायक बने मंत्री; कई नए चेहरों को मिली जगह

ये बने कैबिनेट मंत्री

विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, करण सिंह वर्मा, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, उदय प्रताप सिंह, संपतिया उइके, एदल सिंह कंषाना, निर्मला भूरिया, नारायण सिंह कुशवाह, नागर सिंह चौहान, राकेश शुक्ला, चेतन कुमार काश्यप व इंदर सिंह परमार।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार

कृष्णा गौर, धर्मेंद्र सिंह लोधी, दिलीप जायसवाल, गौतम टेटवाल, लखन पटेल व नारायण सिंह पवार।

राज्य मंत्री

नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार व राधा सिंह।

यह भी पढ़ें- Kailash Vijayvargiya: कौन हैं कैलाश विजयवर्गीय, जो 1990 से अब तक एक बार भी नहीं हारे चुनाव? जानिए राजनीतिक सफर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।