Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मध्य प्रदेश में सरकार बनी तो बनेगा रविदास विश्वविद्यालय, जातिवार गणना भी कराएंगे : मल्लिकार्जुन खरगे

खरगे की सभा का आयोजन उस सुरक्षित विधानसभा सीट नरयावली में रखा गया जहां गत 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संत रविदास मंदिर की आधारशिला रखने के बाद जनसभा की थी। खरगे ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है इसलिए उन्होंने कांग्रेस की कार्यसमिति में मध्य प्रदेश सहित देश के छह अन्य पिछडा वर्ग और पांच अनुसूचित जाति वर्ग से सदस्य बनाए हैं।

By Jagran NewsEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Tue, 22 Aug 2023 09:58 PM (IST)
Hero Image
खरगे ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संत रविदास का मंदिर या स्मारक बनाना नहीं, बल्कि वोट लेना है।

सागर, वैभव श्रीधर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर सागर में संत रविदास विश्वविद्यालय बनेगा और जातिवार गणना कराई जाएगी। जातिवार गणना से यह पता चल जाएगा कि किस वर्ग के कितने लोग पिछड़े हैं, भूमिहीन हैं या अशिक्षित हैं। यह वादा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश में सागर के कजलीवन मैदान पर मंगलवार को आयोजित सभा में किया।

खरगे ने सर्कार पर साधा निशाना

खरगे ने कहा कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सागर आए थे और संत रविदास मंदिर और स्मारक का भूमिपूजन किया, पर यह चुनाव के समय ही क्यों याद आया। वह तो नौ वर्षों से प्रधानमंत्री और शिवराज सिंह चौहान 18 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। गृह मंत्री अमित शाह के कांग्रेस से 53 वर्ष की रिपोर्ट मांगने का जवाब भी खरगे ने दिया और महंगाई, बेरोजगारी, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग पर अत्याचार को लेकर कई प्रश्न भी उठाए।

अनुसूचित जाति वर्ग से सदस्य

बता दें कि खरगे की सभा का आयोजन उस सुरक्षित विधानसभा सीट नरयावली में रखा गया, जहां गत 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संत रविदास मंदिर की आधारशिला रखने के बाद जनसभा की थी। खरगे ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है, इसलिए उन्होंने कांग्रेस की कार्यसमिति में मध्य प्रदेश सहित देश के छह अन्य पिछडा वर्ग और पांच अनुसूचित जाति वर्ग से सदस्य बनाए हैं।

भाजपा का उद्देश्य सिर्फ वोट लेना है: खरगे

खरगे ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संत रविदास का मंदिर या स्मारक बनाना नहीं, बल्कि वोट लेना है। हमसे पूछते हैं कि हमने क्या दिया। हमने संविधान दिया है, जो सबसे फायदेमंद है। यह है तभी तो नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने हैं। कहा कि मप्र में भाजपा चोरी की और नाजायज सरकार चला रही है।

लोकतंत्र की बात करते हैं और खरीदकर, ईडी व सीबीआइ का डर दिखाकर धमकाते हैं। मणिपुर में इतनी गड़बड़ हो रही है, पर प्रधानमंत्री न तो वहां जाते हैं और न ही चुप्पी तोड़ते हैं। राहुल गांधी पर आरोप लगाते हैं। कमल नाथ की प्रशंसा करते हुए बोले कि यह जो कहते हैं, वह करते हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर पांच सौ रुपये में रसोई गैस, पुरानी पेंशन बहाली, किसानों की ऋण माफी की जाएगी। महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे और इसे और भी बढ़ाया जाएगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर