Move to Jagran APP

Madhya Pradesh: पुलिस कर्मचारियों के लिए शिवराज सरकार की ओर से कई बड़ी घोषणाएं, 46 साल बाद बढ़ाया गया भत्ता

मध्य प्रदेश सरकार की ओर से घोषणा की गई है कि 46 साल बाद पुलिस कर्मचारियों का भत्ता बढ़ाया जाएगा। दरअसल अब तक पुलिस को प्रतिमाह साइकिल भत्ता 18 रुपये मिलते थे जो अब 1 हजार 635 रुपये पेट्रोल भत्ता के रूप में मिला करेगा। इसके साथ ही सरकार ने पुलिस के साप्ताहिक अवकाश आवास मेडिकल चेकअप आदी को लेकर भी कई बड़ी घोषणाएं की हैं।

By Jagran NewsEdited By: Shalini KumariUpdated: Sat, 29 Jul 2023 11:02 AM (IST)
Hero Image
46 साल बाद मध्य प्रदेश में बढ़ेगा पुलिस कर्मचारियों का भत्ता  

भोपाल, ऑनलाइन डेस्क। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के पुलिसकर्मियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इसमें साप्ताहिक अवकाश से लेकर मध्य प्रदेश के पुलिस कर्मियों के लिए अन्‍य ऐलान भी किए गए हैं।सीएम शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। इस कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान सीएम ने पुलिस कर्मचारियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की।

बढ़ाया जाएगा भत्ता

राज्य में 46 साल बाद पुलिसकर्मियों के भत्ते बढ़ाए गए हैं। अब तक इन्हें हर महीने 18 रुपये साइकिल भत्ता मिलता था, लेकिन अब एक हजार 635 रुपये का 15 लीटर पेट्रोल भत्ता मिलेगा। साथ ही, पुलिसकर्मियों को पौष्टिक आहार भत्ता भी दिया जाएगा और नए आवास भी बनाए जाएंगे।

इस निर्णय से सरकार पर प्रतिवर्ष 203 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा और एक लाख 89 हजार 179 अधिकारियों-कर्मचारियों को लाभ होगा।

पुलिस फोर्स में बढ़ रही बेटियों की संख्या

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उसी मौके पर उन्होंने कहा कि शांति स्थापना के लिए पुलिस के जवान जरूरत पर सर्वोच्च बलिदान देते हैं, पुलिस के प्रति मेरा मन आदर और श्रद्धा से भरा रहता है।

उन्‍होंने कहा कि पुलिस कभी अपने टास्क से पीछे नहीं हटी। बेटियों को भी पुलिस भर्ती में आरक्षण दिया गया, जिस कर्तव्य का निर्वहन वह अच्छे ढंग से कर रही हैं। पुलिस के फोर्स में बेटियों की तादाद बढ़ती जा रही है।

पुलिस के लिए पूरा प्रदेश एक परिवार

सीएम ने कहा कि पुलिस के लिए पूरा प्रदेश भी एक परिवार है। पुलिस दिन-रात जनता की सेवा करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है। चौहान ने कहा कि सब मिलकर मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाने में योगदान करें।

कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी रहे मौजूद

पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। पुलिस के जवानों और उनके परिवारजनों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा पुलिस-कर्मियों के परिजन उपस्थित थे।

पत्नी के साथ कार्यक्रम में पहुंचे सीएम चौहान

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी साधना सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बालक-बालिकाओं के साथ तस्वीरें भी खिचवाई और उनका उत्साहवर्धन किया।

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

  • 56 हजार 458 कर्मचारियों को मिलेगा प्रतिमाह 15 लीटर पेट्रोल भत्ता।
  • एक लाख 23 हजार 821 अधिकारियों  और कर्मचारियों को पौष्टिक आहार भत्ता मिलेगा।
  • आठ हजार 900 अधिकारियों को पांचवां समयमान वेतनमान।

सीएम चौहान ने की कई प्रमुख घोषणाएं

  • सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप-निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें भी 15 लीटर पेट्रोल भत्ता प्रतिमाह दिया जायेगा।
  • पुलिसकर्मियों को  प्रतिमाह  एक हजार रुपए पौष्टिक आहार भत्ता दिया जाएगा।
  • आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष 5 हजार रुपए किया जाएगा।
  • राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को वेतनमान का पंचम स्तर दिया जाएगा।
  • भोजन भत्ता की दर 100 रूपए प्रतिदिन की जाएगी।
  • 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जाएगा।
  • सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जायेगा।
  • पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाये जायेंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।