Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM मोहन यादव बोले- छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ नहीं गड़बड़ है, अमरवाड़ा चुनाव जीतने से कोई ताकत नहीं रोक सकती

Amarwara By Polls मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव है। 13 जुलाई को विधानसभा क्षेत्र को अपना नया विधायक मिल जाएगा। सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने जनता के बीच अपनी सरकार के कामों का उल्लेख भी किया।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Mon, 08 Jul 2024 06:57 PM (IST)
Hero Image
अमरवाड़ा के गांव बटका खापा पहुंचे सीएम मोहन यादव।

जागरण, भोपाल। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को मतदान है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बटका खापा गांव में जनसभा को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि अमरवाड़ा की जनता के चेहरे की चमक बता रही है कि हवा किस तरफ बह रही है। अब दुनिया की कोई ताकत भारतीय जनता पार्टी को चुनाव जीतने से नहीं रोक सकती है। बता दें कि भाजपा ने यहां से कमलेश प्रताप शाह को अपना प्रत्याशी बनाया है।

यह भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव की कैबिनेट में शामिल रामनिवास रावत ने दो बार क्यों पढ़ी शपथ

पहली बार छिंदवाड़ा का बेटा बना सांसद

सीएम मोहन यादव ने इशारों-इशारों में कमलनाथ परिवार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहली बार छिंदवाड़ा का बेटा विवेक बंटी साहू यहां का सांसद बना है। यह गौरव की बात है। अभी तक बाहर से आकर लोग सांसद बनते थे।

सीएम ने कहा कि लोग कहते थे कि छिंदवाड़ा नहीं जीत सकते हैं। यहां बहुत विकास हो रहा है। यही वजह है कि जनता कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ेगी, लेकिन जब हमने छिंदवाड़ा घूमा तो कांग्रेस का झूठ सामने आ गया। मैंने कहा था कि यह कांग्रेस का गढ़ नहीं है, गड़बड़ है। गड़बड़ को जनता के बीच में दिखाने का काम किया। जनता ने भाजपा पर भरोसा किया।

नि:शुल्क बनाएंगे हॉस्टल

सीएम ने जनसभा में कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों को नि:शुल्क हॉस्टल बनाने का निर्णय भाजपा की सरकार ने लिया है। डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर और वकील की पढ़ाई करने वाले छात्रों की फीस सरकार भरेगी। बच्चों को आगे बढ़ाने की जवाबदेही भाजपा सरकार की है। सरकार ने कोदो कुटकी की कीमत में इजाफा किया है। अब 4,290 रुपये में खरीद होगी।

पट्टे पर जमीन देगी सरकार

सीएम ने कहा कि जल, जंगल, जमीन पर पहला अधिकार आदिवासी भाई-बहनों का है। हमारी सरकार अगर उनकी सेवा करती है। पंचायत में लोगों को रोजगार देने का निर्णय भी हमारी सरकार ने लिया। खेती करने के लिए सरकार जमीन पट्टे पर देगी। भारिया परिवार की बहनों को 1500 रुपये मिलते रहेंगे। सरकार सहरिया परिवार को मकान बनाने की खातिर ढाई लाख रुपये देगी।

भगवान बिरसा मुंडा के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया

सीएम मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, इतने साल हो गए लेकिन कांग्रेस ने उनको कभी मान सम्मान नहीं दिया। हमारी सरकार ने जनजाति दिवस के रूप में भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर साल मनाने का निर्णय किया है। हम उनको हर साल स्मरण करेंगे। क्रांति सूर्य टंट्या मामा के नाम पर कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। हमारी सरकार ने टंट्या मामा के नाम पर खरगोन के विश्वविद्यालय का नाम क्रांति वीर टंट्या मामा के नाम पर करने का फैसला किया है।

रानी दुर्गावती के नाम पर बनेगा स्मारक

सीएम ने कहा कि गोंडवाना की रानी दुर्गावती ने बाबर और शेरशाह सूरी को हराया। भाजपा की सरकार ने रानी दुर्गावती के पूरे योगदान को लेकर जबलपुर में 100 करोड़ रुपये का नया स्मारक बनाने का फैसला किया है। हमारी सरकार बनने के बाद जबलपुर में पहली कैबिनेट मीटिंग रानी दुर्गावती, रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर कर हमने वीरांगनाओं को सम्मान देने का काम किया। उनके नाम पर अच्छा काम करने वालों को हमने पांच-पांच लाख रुपये के दो पुरस्कार देने की बात कही है।

कांग्रेस कहती आपको आदिवासी के अलावा कुछ नहीं दिखता

मोहन यादव ने कहा कि मंडला के मेडिकल कॉलेज का नाम भी राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर करने की घोषणा की गई है। कांग्रेस के लोग कहते हैं आपको आदिवासी के अलावा कुछ दिखता ही नहीं है। आदिवासियों को पहली बार देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है।

दूध पर मिलेगा बोनस

सीएम मोहन यादव ने कहा कि खेती के अलावा जिनके घरों में पशुपालन का काम होता है, उन घरों को अब दूध पर भी बोनस दिया जाएगा। गौशाला चलाने वाली पंचायत को प्रति गाय 40 रुपये प्रतिदिन का खर्चा दिया जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुई उन सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। अमरवाड़ा में पेंच-शक्कर नदी लिंक योजना का काम भी किया जाएगा।

मनमोहन शाह बट्टी को दी श्रद्धांजलि

सीएम मोहन यादव ने दिवंगत मनमोहन शाह बट्टी की समाधि पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि वो जहां भी हैं हम सबको आशीर्वाद दे रहे होंगे। मनमोहन शाह के सपनों के अधूरे कामों को भाजपा की सरकार और विधायक के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: MP High Court: कोर्ट ने दुष्कर्म के केस को किया निरस्त, कहा- शादी का वादा झूठा या सच्चा, यह समझने में 10 वर्ष नहीं लगते

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें